आईसीसी अध्यक्ष जय शाह और बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ल ने गंजारी स्टेडियम का किया निरीक्षण
वाराणसी, 18 नवंबर (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के अध्यक्ष जय शाह और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला बुधवार शाम राजातालाब के गंजारी स्थित निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम पहुंचे। दोनों ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच स्टेडियम का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्टेडियम में विकसित की जा रही खेल सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की।
जय शाह और राजीव शुक्ला लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, बाबतपुर पहुंचने के बाद सीधे रिंग रोड स्थित गंजारी स्टेडियम पहुंचे। शाम करीब छह बजे शुरू हुए निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त के. विजयानंद पांडियन, पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येंद्र झा समेत कई वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान दोनों पदाधिकारियों ने मुख्य पिच और अभ्यास पिचों के साथ पवेलियन, वीआईपी गैलरी, दर्शक दीर्घाओं, खिलाड़ियों के ड्रेसिंग रूम, फ्लडलाइट और जल निकासी व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। निर्माण कार्य अंतिम चरण में होने के मद्देनजर उन्होंने विभिन्न निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और सुविधाओं की उपलब्धता पर विशेष ध्यान दिया। निरीक्षण में कुछ छोटी-मोटी कमियां सामने आने पर संबंधित अधिकारियों को उद्घाटन से पहले उन्हें दूर करने के निर्देश दिए गए।
—दो दिसंबर को उद्घाटन की संभावना
गंजारी क्रिकेट स्टेडियम का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिसंबर के पहले सप्ताह में किए जाने की संभावना है। इसके लिए दो दिसंबर की संभावित तारीख चर्चा में है। हालांकि, अभी तक उद्घाटन की आधिकारिक तारीख की घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में निर्माण कार्यों को समय से पूरा करने और सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने पर जोर दिया जा रहा है।
—काशी की संस्कृति और आधुनिक क्रिकेट सुविधाओं का संगम
करीब 31 एकड़ क्षेत्रफल में लगभग 450 करोड़ रुपये की लागत से विकसित हो रहे इस स्टेडियम की दर्शक क्षमता करीब 30 हजार होगी। इसकी वास्तुकला में भगवान शिव और काशी की सांस्कृतिक विरासत की अनूठी झलक दिखाई देगी। स्टेडियम में त्रिशूल के आकार की फ्लडलाइट, डमरू की आकृति वाला मीडिया सेंटर और काशी के प्राचीन घाटों की शैली में दर्शक दीर्घाएं बनाई गई हैं। आधुनिक खेल सुविधाओं के साथ इसे काशी की सांस्कृतिक पहचान से जोड़ने का प्रयास किया गया है।
स्टेडियम में नौ मुख्य पिचों के अलावा पांच अभ्यास पिचें तैयार की जा रही हैं। दिसंबर 2026 से यहां घरेलू क्रिकेट मुकाबले शुरू होने की उम्मीद है। इनमें अंडर-19 कूच बिहार ट्रॉफी और रणजी ट्रॉफी जैसे प्रमुख घरेलू टूर्नामेंट के मुकाबले भी आयोजित किए जा सकते हैं।
गंजारी में अंतरराष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट स्टेडियम तैयार होने से पूर्वांचल में खेल सुविधाओं को नई पहचान मिलने की उम्मीद है। इसके शुरू होने से वाराणसी न केवल घरेलू क्रिकेट प्रतियोगिताओं का प्रमुख केंद्र बनेगा, बल्कि भविष्य में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट आयोजनों की मेजबानी की दिशा में भी अपनी मजबूत दावेदारी पेश कर सकेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी