अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज जसपाल राणा का पार्थिव शरीर वाराणसी पहुंचा,मोक्षतीर्थ पर चिता सजी

 


—महाश्मशान मणिकर्णिकाघाट पर पूरे सम्मान के साथ होगा अन्तिम संस्कार

वाराणसी,13 जून (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज जसपाल राणा का पार्थिव शरीर शनिवार को मोक्ष नगरी वाराणसी पहुंचा। बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अन्तरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर निशानेबाज जसपाल राणा का पार्थिव शरीर चार्टर विमान से लाया गया। एयरपोर्ट के पुराने टर्मिनल भवन स्थित एयर कार्गो परिसर में पार्थिव शरीर को श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा सलामी दी गई।

यहां रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के विधायक पुत्र पंकज सिंह और अन्य भाजपा नेताओं ने नम आंखों से पार्थिव शरीर पर श्रद्धांजलि अर्पित की। विधायक पंकज सिंह निशानेबाज जसपाल राणा के सगे बहनोई भी हैं। एयरपोर्ट से पार्थिव शरीर मोक्षतीर्थ मणिकर्णिकाघाट के लिए वाहन से रवाना किया गया। पार्थिव शरीर को राजघाट से गंगा के रास्ते मणिकर्णिकाघाट लाया जाएगा। घाट पर निशानेबाज जसपाल राणा के अन्तिम संस्कार के लिए चिता सजा दी गई है। अन्तिम संस्कार में शामिल होने के लिए भाजपा के पदाधिकारी और स्थानीय खिलाड़ी भी घाट पर पहुंच गए हैं। घाट पर पूरे सम्मान के साथ अंतरराष्ट्रीय शूटर पद्मश्री जसपाल राणा का अन्तिम संस्कार किया जाएगा। पार्थिव शरीर के अन्तिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में समर्थक और शुभचिंतक भी घाट पर पहुंचते रहे। घाट पर सुरक्षा की चाक चौबंद व्यवस्था की गई है। बताते चलें कि शूटर जसपाल राणा (49) का शुक्रवार सुबह निधन हो गया था। वे पिछले 11 दिनों से दिल्ली के मैक्स साकेत अस्पताल में भर्ती थे। जर्मनी से लौटते समय फ्लाइट में उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी