विपक्ष के नकारात्मक सोच के खिलाफ देश में आक्रोश, प्रधानमंत्री मोदी नए भारत के निर्माता : योगी आदित्यनाथ
—बरेका में आयोजित ‘जनआक्रोश महिला सम्मेलन’ में मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर जमकर हमला बोला
बोले— नया भारत केवल भौतिक विकास तक सीमित नहीं
वाराणसी, 28 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में नारी सुरक्षा और सम्मान को जिस संकल्प के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आगे बढ़ाया है, उसे रोकने का प्रयास विपक्ष, कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और उनके सहयोगी गठबंधन ने किया है।
विरोधी दलों के नकारात्मक सोच के खिलाफ पूरे देश में आक्रोश है। देश की संसद, देश की विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिले। उसे रोकने के लिए सपा, कांग्रेस ने कुत्सित प्रयास किया है। आज आधी आबादी के बीच जो आक्रोश दिखाई दे रहा है, वह विपक्ष के इस नकारात्मक रवैये का परिणाम है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार शाम बरेका में आयोजित ‘जनआक्रोश महिला सम्मेलन’ को संबोधित कर रहे थे।
मंच पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मौजूदगी में मुख्यमंत्री ने विरोधी दलों को सीधे निशाने पर लेकर कहा कि प्रधानमंत्री के विजन और नेतृत्व का ही परिणाम है कि आज देश एक नए युग की ओर बढ़ रहा है और हम सभी नए भारत का साक्षात दर्शन कर रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को “नए भारत का निर्माता” बताया और कहा कि नया भारत केवल भौतिक विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समग्र विकास की अवधारणा को भी आत्मसात कर रहा है।
आज समाज के हर वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत की संकल्पना अब साकार होती दिखाई दे रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सम्मेलन महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस भीषण गर्मी में काशी की महिलाओं का उत्साह वंदनीय है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए निरंतर कार्य हुआ है। बड़ी संख्या में महिलाएं प्रधानमंत्री के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके स्वागत में शामिल हो रही हैं, जो प्रमाण है कि देश की आधी आबादी पूरी मजबूती के साथ उनके विजन और योजनाओं के साथ खड़ी है।
आगे कहा, अप्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन के चलते देश विकसित भारत की ओर बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री मोदी हमेशा कहते हैं कि देश के अंदर सिर्फ चार जातियां हैं-नारी, गरीब और युवा और अन्नदाता। काशी की आध्यात्मिक शक्ति और प्राचीनता का उल्लेख कर मुख्यमंत्री ने कहा कि काशी के बारे में जो धारणा थी वह बदलती हुई दिखाई दे रही है। पिछले 11-12 वर्ष में काशी पूरी दुनिया के लिए आकर्षण का केंद्र बन गई है। काशी जिस शिव की, बाबा विश्वनाथ की शाश्वत चेतना का केंद्र बिंदु थी, वह फिर से काशी विश्वनाथ धाम के रूप में हमें देखने को मिली है। विरासत और विकास का वह अद्भुत समन्वय न केवल काशी में उत्तर प्रदेश में और पूरे देश के अंदर दिखाई दे रहा है। प्रधानमंत्री ने काशी से प्रारंभ किया परंपरा को जीवंतता प्रदान की।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी