विश्व पर्यावरण दिवस : वाराणसी मंडल के रेलवे स्टेशनों पर जल संरक्षण, वृक्षारोपण और स्वच्छता अभियान

 


—कैंपेन में प्रभात फेरी, विशेष सफाई अभियान

वाराणसी, 31 मई (हि.स.)। विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में चल रहे पर्यावरण संरक्षण अभियान के तहत रविवार को मंडल के विभिन्न प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर व्यापक जनजागरूकता एवं स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किए गए। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन तथा वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर अभिषेक राय के नेतृत्व में 15 मई से 5 जून 2026 तक चल रहे इस अभियान को रविवार को विशेष रूप से जल संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन गतिविधियों के साथ आगे बढ़ाया गया।

अभियान के तहत आजमगढ़ रेलवे स्टेशन, वाराणसी सिटी रेलवे स्टेशन, बनारस रेलवे स्टेशन, भटनी रेलवे स्टेशन, बलिया रेलवे स्टेशन, छपरा रेलवे स्टेशन, देवरिया सदर रेलवे स्टेशन, गाजीपुर सिटी रेलवे स्टेशन, मऊ रेलवे स्टेशन, प्रयागराज रामबाग रेलवे स्टेशन, सीवान रेलवे स्टेशन तथा सलेमपुर रेलवे स्टेशन सहित प्रमुख स्टेशनों पर विशेष जल संरक्षण एवं वर्षा जल संचयन अभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए। रेलवे अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए प्रभात फेरी में भी भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान स्टेशनों पर वृक्षारोपण एवं पौधा वितरण अभियान चलाया गया। प्लास्टिक प्रदूषण को कम करने के उद्देश्य से यात्रियों और कर्मचारियों के बीच कपड़े के थैले वितरित किए गए तथा एकल-उपयोग प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।

पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल जनसंपर्क विभाग के अनुसार अभियान के तहत प्लास्टिक प्रदूषण के आकलन एवं निगरानी, सोशल मीडिया जागरूकता अभियान, पोस्टर एवं डिजिटल सामग्री के माध्यम से जनसंदेश प्रसारित किए जा रहे हैं। साथ ही रेलवे कर्मचारियों के लिए प्लास्टिक कचरे में कमी लाने और पर्यावरण-अनुकूल कार्यशैली अपनाने संबंधी कार्यशालाओं का भी आयोजन किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त स्टेशन परिसरों, रेलवे कॉलोनियों और आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है। जागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला में प्रमुख स्टेशनों पर नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से यात्रियों और कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण, जल बचत तथा स्वच्छता के प्रति प्रेरित किया जा रहा है। कार्यालय के अनुसार,विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर चल रहा यह अभियान न केवल रेलवे परिसरों को स्वच्छ एवं हरित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है, बल्कि आमजन को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने में भी प्रभावी भूमिका निभा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी