जल जीवन मिशन की योजनाएं तय समयसीमा में पूरी करें : सत्येंद्र कुमार

 


वाराणसी, 29 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जल जीवन मिशन के तहत संचालित पेयजल योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं में तेजी लाते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।

बैठक में जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण), परियोजना प्रबंधक मेसर्स एलएंडटी तथा सहायक अभियंताओं से योजनावार प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि 90 से 99 प्रतिशत प्रगति वाली 135 पेयजल योजनाओं को सितंबर-अक्टूबर 2026, 75 से 90 प्रतिशत प्रगति वाली 74 योजनाओं को दिसंबर 2026 तथा 50 से 75 प्रतिशत प्रगति वाली 64 योजनाओं को फरवरी 2027 तक हर हाल में पूरा कराया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि सितंबर 2026 तक आवश्यकतानुसार श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर कार्यों को गति दी जाए, ताकि योजनाएं निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप समय से पूरी हो सकें। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने के निर्देश दिए।

उन्होंने तहसील स्तर पर लंबित प्रकरणों तथा राष्ट्रीय राजमार्ग से संबंधित एनओसी के मामलों की नियमित समीक्षा के भी निर्देश दिए। कहा कि इन प्रकरणों की साप्ताहिक समीक्षा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से और मासिक समीक्षा भौतिक बैठक आयोजित कर की जाए।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ लंबित कार्यों का तेजी से निस्तारण करने तथा जल जीवन मिशन की योजनाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी