वाराणसी: दो आईपीएस अफसरों के स्थानांतरण होने पर दी गई विदाई,कार्यकाल सराहनीय
— पुलिस कमिश्नर सहित अन्य अफसरों ने नई तैनाती के लिए शुभकामनाएं दी
वाराणसी, 22 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में स्थानांतरित हुए दो आईपीएस अधिकारियों प्रमोद कुमार एवं श्रुति श्रीवास्तव को मंगलवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने अपने कैंप कार्यालय में भावभीनी विदाई दी। समारोह में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने दोनों अधिकारियों के साथ कार्यानुभव एवं आत्मीय संस्मरण साझा किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने दोनों अधिकारियों को स्मृति चिह्न एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मानित किया। उन्होंने वाराणसी कमिश्नरेट में दोनों अधिकारियों के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस उपायुक्त के रूप में उन्होंने अपने-अपने जोन एवं इकाइयों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी ढंग से कार्य किया।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि दोनों अधिकारियों ने अपराधों की रोकथाम एवं अनावरण, वांछित और सक्रिय अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई, संवेदनशील मामलों में त्वरित एवं निष्पक्ष पुलिस कार्रवाई तथा जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को प्राथमिकता दी। थाना प्रभारियों एवं अधीनस्थ अधिकारियों की नियमित समीक्षा और प्रभावी पर्यवेक्षण के माध्यम से पुलिसिंग की गुणवत्ता में सुधार के प्रयास किए गए।
उन्होंने कहा कि महत्वपूर्ण अवसरों और कानून-व्यवस्था से जुड़ी चुनौतियों के दौरान रणनीतिक पुलिस बल की तैनाती, बेहतर समन्वय और प्रभावी नेतृत्व के जरिए व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में दोनों अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस प्रशासन एवं कर्मियों के कार्यपरिवेश को बेहतर बनाने के लिए पुलिस लाइन के सौंदर्यीकरण, स्वच्छता और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में भी उल्लेखनीय पहल की गई।
दोनों अधिकारियों ने लंबित विवेचनाओं की समीक्षा, अपराध नियंत्रण की रणनीति तैयार करने, कानून-व्यवस्था की चुनौतियों के दौरान त्वरित निर्णय लेने तथा संवेदनशील अवसरों पर पुलिस बल के कुशल प्रबंधन में नेतृत्व प्रदान किया। साथ ही अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर टीम भावना के साथ पुलिसिंग को प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
महिला एवं पीड़ितों से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता तथा आमजन के साथ बेहतर संवाद को भी प्राथमिकता दी गई। पुलिस आयुक्त ने कहा कि दोनों अधिकारियों की कार्यशैली में अनुशासन, पारदर्शिता, त्वरित निर्णय और जनहित को प्राथमिकता देने की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
मोहित अग्रवाल ने कहा कि स्थानांतरण पुलिस सेवा की सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा है। उन्होंने दोनों अधिकारियों को नई तैनाती पर भी इसी समर्पण, ऊर्जा और सकारात्मक कार्यशैली के साथ दायित्वों का निर्वहन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
विदाई समारोह में अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल, पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन राजेश पाण्डेय, पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नीतू कादयान समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।----------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी