'ओलंपियन विवेक सिंह द्वार' का राज्यमंत्री रविन्द्र ने किया लोकार्पण, खिलाड़ियों को दिया प्रेरणा संदेश

 


वाराणसी, 24 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं वाराणसी शहर उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक रविन्द्र जायसवाल ने शुक्रवार को शिवपुर विधानसभा क्षेत्र के तरना वार्ड स्थित भरलाई गुरुनानक चौराहा पर ओलंपियन विवेक सिंह द्वार' का विधिवत लोकार्पण किया।

राज्यमंत्री ने अपनी विधायक निधि से लगभग 7.16 लाख रुपये की लागत से निर्मित द्वार के लोकार्पण पर कहा कि किसी भी समाज और राष्ट्र के विकास में खिलाड़ियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, संघर्ष, आत्मविश्वास और राष्ट्रभक्ति की भावना का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वाराणसी के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। ओलंपियन विवेक सिंह ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से काशी का नाम पूरे देश और दुनिया में गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि 'ओलंपियन विवेक सिंह द्वार' केवल एक प्रवेश द्वार नहीं, बल्कि युवाओं और खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का प्रतीक है। इस द्वार से गुजरने वाला प्रत्येक युवा यह महसूस करेगा कि मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर कोई भी व्यक्ति अंतरराष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना सकता है।

उन्होंने उपस्थित खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे ओलंपियन विवेक सिंह के संघर्ष, समर्पण और उपलब्धियों से प्रेरणा लेकर खेल के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करें। मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। प्रदेश में आधुनिक खेल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, खिलाड़ियों के लिए बेहतर प्रशिक्षण, पुरस्कार और संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं ताकि उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।

लोकार्पण के उपरांत मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने मौके पर मौजूद खिलाड़ियों से संवाद भी किया और उन्हें भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।

समारोह के दौरान उपस्थित खिलाड़ियों एवं स्थानीय नागरिकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र के एक ओलंपियन के सम्मान में बनाया गया यह द्वार युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा। इस अवसर पर गौरी शंकर सिंह, हेमंत सिंह, प्रशांत, अरविंद सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष विवेक पांडेय, पार्षद रोहित मिश्रा, पार्षद संदीप रघुवंशी, पार्षद बलीराम कन्नौजिया, पूर्व पार्षद दिनेश यादव आदि भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी