प्रोफेसर अभिषेक अभिनय ने संभाला आईएमएस जिमखाना सचिव का पदभार

 


— खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने पर रहेगा जोर

वाराणसी, 15 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के चिकित्सा विज्ञान संस्थान (आईएमएस) में प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव के बाद नए सचिव ने आधिकारिक तौर पर अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया है। बाल रोग विभाग के प्रोफेसर डॉ. अभिषेक अभिनय ने आईएमएस जिमखाना के नए सचिव के रूप में पदभार संभाला है।

—निदेशक कार्यालय ने जारी की थी अधिसूचना

चिकित्सा विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. एस.एन. संखवार के हस्ताक्षर से जारी अधिसूचना के तहत डॉ. अभिषेक अभिनय को तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पूर्व यह पद एनेस्थीसियोलॉजी विभाग के प्रोफेसर डॉ. राजेश मीणा संभाल रहे थे। पदभार ग्रहण समारोह के दौरान निवर्तमान सचिव प्रो. राजेश मीणा के सफल कार्यकाल की सराहना भी की गईं।

—चिकित्सकों को तनावमुक्त रखने और 'खेलो इंडिया' पर फोकस

पदभार ग्रहण के अवसर पर संस्थान के वरिष्ठ चिकित्सक न्यूरोलॉजिस्ट प्रो. विजयनाथ मिश्र ने नए सचिव पर विश्वास जताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रो. अभिषेक अभिनय ग्राउंड स्तर पर खेल गतिविधियों का विस्तार करेंगे। इससे व्यस्त दिनचर्या में रहने वाले चिकित्सकों को खाली समय में मानसिक तनाव से मुक्ति मिलेगी। साथ ही, सरकार की 'खेलो इंडिया' योजना के तहत सभी को स्वस्थ और जागरूक रखने के लिए नए प्रयास किए जाएंगे। प्रो. अभिषेक अभिनय की इस नियुक्ति से संस्थान के चिकित्सकों, अधिकारियों और छात्रों में खुशी का माहौल है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी