रंगोत्सव के दूसरे दिन पुलिस कर्मियों ने हर्षोल्लास के साथ अफसरों संग थानों में खेली होली
—पुलिस कमिश्नर ने भी जिलाधिकारी और मातहत अफसरों को रंगों से भिगोया, फिल्मी गीतों पर थिरके अफसर
वाराणसी, 05 मार्च (हि.स.)। रंगों के पर्व होली के दूसरे दिन गुरुवार को वाराणसी जिले में पुलिस लाइन से लेकर शहरी व ग्रामीण थानों तक पुलिसकर्मियों ने उत्साह और उल्लास के साथ होली खेली। होली पर्व सकुशल संपन्न कराने के बाद पुलिसकर्मी होलियाना माहौल में एक-दूसरे को रंगों से सराबोर करते नजर आए। इस दौरान जवानों ने अपने साथियों के साथ-साथ वरिष्ठ अधिकारियों को भी अबीर-गुलाल लगाकर पर्व की शुभकामनाएं दीं।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने परंपरागत रूप से पुलिस लाइन और अपने आवास पर जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार तथा अन्य मातहत अधिकारियों के साथ रंग-गुलाल की होली खेली। इस अवसर पर अधिकारियों ने भी पुलिस आयुक्त को अबीर-गुलाल लगाकर बधाई दी। कार्यक्रम में मौजूद पुलिस अधिकारी और कर्मचारी रंगों में सराबोर होकर आपसी भाईचारे, सौहार्द और एकता का संदेश देते दिखाई दिए।
होली उत्सव के दौरान संगीत, लोकगीत और नृत्य का भी रंगारंग माहौल देखने को मिला। फिल्मी गीतों की धुन पर पुलिस अधिकारी और कर्मचारी जमकर थिरके, जिससे पूरा वातावरण उत्सवमय हो उठा।
इस अवसर पर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने होली पर्व के दौरान जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों द्वारा किए गए सराहनीय कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि होली प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का प्रतीक पर्व है, जो समाज में आपसी सद्भाव और एकता को मजबूत करने का संदेश देता है। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों तथा उनके परिवारजनों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
इसी क्रम में कैंट थाने में पुलिस अधिकारी और कर्मचारी फिल्म ‘नागिन’ के गीतों की धुन पर झूमते नजर आए। कार्यक्रम में महिला पुलिसकर्मियों ने भी पूरे उत्साह के साथ भागीदारी की। होली खेलने के बाद थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्र ने सभी पुलिसकर्मियों को होली की शुभकामनाएं दीं।
वहीं, महिला हेल्प डेस्क पर तैनात पुलिसकर्मियों ने भी एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की बधाई दी। जिले के कई थानों में पुलिसकर्मियों ने पिचकारी और गुलाल के साथ पारंपरिक ‘कपड़ा फाड़ होली’ भी खेली। इस बार अधिकांश स्थानों पर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने हर्बल रंगों का उपयोग कर पर्यावरण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी