वाराणसी में मीडियाकर्मियों के लिए चिकित्सा शिविर आयाेजित
- होम्योपैथी एक सुरक्षित और प्रभावकारी पैथी : डॉ चंद्रशेखर तिवारी
वाराणसी, 01 नवम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी प्रेस क्लब की पहल पर पत्रकारों तथा उनके परिजनों के लिए रविवार को निःशुल्क होम्योपैथिक एवं न्यूरोथेरेपी चिकित्सा शिविर का आयोजन पराड़कर स्मृति भवन गोलघर में किया गया। शिविर में होम्योपैथिक चिकित्सकों द्वारा विभिन्न प्रकार के रोगों के निदान के लिए परामर्श एवं दवाइयां वितरित की गयी। वहीं, न्यूरोथेरेपी के द्वारा लोगों के गठिया, स्पाइन संबंधित बीमारियों का भी इलाज किया गया। इस दौरान काफी संख्या मीडियाकर्मियों एवं उनके परिजनों ने शिविर का लाभ उठाया।
इसके पूर्व राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय चौकाघाट ढ़ेलवरिया के वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डॉ चन्द्रशेखर तिवारी, डॉ झिकमिक सरकार व राजू बाबू के साथ ही न्यूरोथेरेपिस्ट मणिलाल विश्वकर्मा, आरईपीएल के एरिया सेल्स मैनेजर अवनीश यादव का स्वागत काशी पत्रकार संघ के अध्यक्ष अरुण मिश्र, प्रेस क्लब के अध्यक्ष चंदन रूपानी ने किया। इस दौरान डॉ चन्द्रशेखर तिवारी ने कहा कि होमियोपैथी एक सुरक्षित और प्रभावकारी पैथी है। उन्होंने कहा कि यह एक दिन का निशुल्क कैम्प नहीं है जिस किसी को भी आगे इलाज जारी रखना उन्हें निःशुल्क दवाएं एवं परामर्श ढेलवरिया स्थित होमियोपैथी चिकित्सालय से मिलती रहेंगी। कार्यक्रम का संचालन मंत्री विनय शंकर सिंह ने किया।
इस अवसर पर संघ के पूर्व अध्यक्ष योगेश कुमार गुप्त, डॉ अत्रि भारद्वाज, सुरेश प्रताप, सुनील शुक्ला, पंकज त्रिपाठी, श्रीधर त्रिपाठी,अभिषेक सिंह, देवेश सिंह, शैलेश चौरसिया, विजय शंकर गुप्ता आदि मीडिया कर्मी उपस्थित रहे।-------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी