जीएसटी विभाग की डिप्टी कमिश्नर 50 हजार रूपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
वाराणसी, 15 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान (यूपी विजिलेंस) की वाराणसी टीम ने बुधवार को राज्य कर (जीएसटी) विभाग की सेक्टर-छह की डिप्टी कमिश्नर अंबिका को रिश्वत लेते पकड़ा है। उनके खिलाफ सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कराकर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।
विजिलेंस टीम के अफसरों के अनुसार, लखरांव बजरडीहा थाना भेलूपुर वाराणसी निवासी अजय कुमार मौर्य ब्लैक स्मिथ इन्डस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के निदेशक है। उन्हाेंने अपनी कम्पनी के माह फरवरी 2023 के रिटर्न तथा जीएसटी (राज्य) के आगणन के सम्बन्ध में कम्पनी के फाईल के स्पष्टीकरण/निस्तारण के लिए आवेदन किया था।
आरोप है कि इस कार्य के लिए डिप्टी कमिश्नर पचास हजार रूपये के रिश्वत की मांग कर रही थी। पीड़ित ने इसकी शिकायत विजिलेंस विभाग से की, जिसके बाद सतर्कता अधिष्ठान ने मामले का सत्यापन किया तो आरोप सही पाया गया। इसके बाद टीम ने तय योजना के अनुसार चेतगंज स्थित 'एक रेस्टोरेंट' के पास जैसे ही डिप्टी कमिश्नर अंबिका कथित रूप से 50 हजार रुपये की रिश्वत लेने पहुंची ताे टीम ने उन्हें रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद अधिकारियों ने मौके पर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और आरोपित महिला अफसर से पूछताछ शुरू की। आरोपित अधिकारी ने कथित रूप से भागने की कोशिश की और महिला पुलिसकर्मियों से हाथापाई भी की, लेकिन विजिलेंस टीम ने उन्हें पकड़कर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद अंबिका के विरुद्ध सतर्कता अधिष्ठान थाना, वाराणसी सेक्टर में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। -----------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी