काशी में निकली भव्य गोवर्धन शोभायात्रा, ग्वाल-बालों की टोली और आकर्षक झांकियों ने मोहा मन

 






—केसरिया मुरेठा बांध हजारों यदुवंशियों ने निकाली शोभायात्रा, नमोघाट स्थित गोवर्धन धाम में भगवान श्रीकृष्ण के प्रति उमड़ा आस्था का सैलाब, परमवीर चक्र विजेता कैप्टन योगेंद्र यादव ने किया शोभायात्रा का शुभारंभ

वाराणसी, 10 नवम्बर (हि.स.)। दीपावली के बाद मंगलवार को उत्तर प्रदेश की धर्मनगरी काशी में गोवर्धन पूजा के अवसर पर आस्था, परंपरा और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। गोवर्धन पूजा समिति की ओर से निकाली गई विशाल एवं भव्य परम्परागत शोभायात्रा में हजारों की संख्या में यदुवंशी समाज के बाल, युवा और बुजुर्ग शामिल हुए। केसरिया कड़कदार मुरेठा (साफा) बांधे युवाओं की टोली, ग्वाल-बालों का स्वरूप धारण किए बच्चे, मनमोहक झांकियां और मनरी कला (लट्टबाजी) का प्रदर्शन शोभायात्रा के प्रमुख आकर्षण रहे। गोवर्धनधारी भगवान श्रीकृष्ण के प्रति श्रद्धा और भक्ति का उत्साह पूरे मार्ग पर दिखाई दिया।

शोभायात्रा लहुराबीर से शुरू होकर पिपलानी कटरा, कबीरचौरा, लोहटिया, मैदागिन, विश्वेश्वरगंज, मछोदरी और मुकीमगंज होते हुए खिड़किया घाट स्थित गोवर्धन धाम पहुंची। शोभायात्रा का शुभारंभ चेतगंज स्थित हथुआ मार्केट के मुख्य द्वार पर परमवीर चक्र विजेता कैप्टन योगेंद्र यादव ने किया। इससे पहले नमोघाट स्थित गोवर्धन धाम में सुबह की आरती के बाद विधिवत हवन-पूजन किया गया। पूजन का अनुष्ठान भाला यादव, भोला यादव और अभय स्वाभिमानी ने संपन्न कराया।

शोभायात्रा में भगवान श्रीकृष्ण और बलराम पर आधारित चरकुला नृत्य, श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं को दर्शाती आकर्षक झांकियां तथा केदारनाथ मंदिर की भव्य झांकी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। यदुवंशियों ने पारंपरिक मनरी कला (लट्ठबाजी) का शानदार प्रदर्शन कर अपनी सांस्कृतिक विरासत की झलक प्रस्तुत की। सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और अन्य नागरिक शोभायात्रा देखने के लिए जुटे रहे। जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया।

केसरिया मुरेठा बांधे युवाओं का जोश और उत्साह देखते ही बन रहा था। वहीं, बुजुर्गों में भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अटूट आस्था और भक्ति का भाव नजर आया। इस दौरान कुछ युवाओं द्वारा राजनीतिक दल विशेष के समर्थन में नारे लगाए जाने पर बुजुर्गों ने उन्हें टोका। उन्होंने कहा कि यह किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि पूरे समाज का धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन है, जिसमें सभी राजनीतिक विचारधाराओं के लोग शामिल होते हैं।

शोभायात्रा का नेतृत्व समिति के अध्यक्ष विनोद यादव गप्पू और महामंत्री जयप्रकाश यादव ने किया। अतिथियों का स्वागत डॉ. शिवनाथ यादव, इंजीनियर अशोक यादव, कैलाश यादव, अशोक यादव, सीताराम यादव और राजेश अहीर ने किया। यात्रा मार्ग पर व्यापारियों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से जगह-जगह स्वागत द्वार बनाए गए थे। श्रद्धालुओं के लिए जलपान की भी व्यवस्था की गई थी। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस और प्रशासन की व्यापक व्यवस्था रही। अधिकारी पुलिस बल के साथ पूरे मार्ग पर मुस्तैद रहे।

—समाज के विभूतियों को मिला गोवर्धन श्री सम्मान

खिड़किया घाट स्थित गोवर्धन धाम पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं ने गोवर्धनधारी भगवान श्रीकृष्ण का विधिवत पूजन-अर्चन किया। इस अवसर पर गंगा तट पर बने भव्य मंच पर कलाकारों ने भगवान श्रीकृष्ण की मनोहारी लीलाओं का मंचन कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को ‘गोवर्धन श्री सम्मान’ से सम्मानित किया गया। न्यायिक क्षेत्र में पूर्व न्यायाधीश महेंद्र सिंह यादव, चिकित्सा क्षेत्र में डॉ. कुमार भास्कर, खेल के क्षेत्र में शिखा यादव, योग शिक्षा में प्रो. संबित भूषण, विज्ञान एवं अनुसंधान में अमित यादव तथा विधि क्षेत्र में देवी प्रसाद यादव को सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम की रूपरेखा की घोषणा ट्रस्ट बोर्ड के अध्यक्ष गोपाल यादव ने की।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी