गोपाष्टमी पर काशी में श्रद्धा और विधि-विधान से हुआ गौ पूजन, गुड़-चना, केला व लड्डू खिलाकर की आरती

 


गौ माता में 33 कोटि देवी-देवताओं का वास, उनकी सेवा और संरक्षण भारतीय संस्कृति की पहचान : रामयश मिश्र

वाराणसी, 17 नवंबर (हि.स.)। कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि गोपाष्टमी पर्व पर मंगलवार को धर्मनगरी काशी में गौ माता की पूजा-अर्चना श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ की गई। इस अवसर पर सामाजिक संस्था जागृति फाउंडेशन के तत्वावधान में अस्सी स्थित प्राचीन नागा बाबा आश्रम में विशेष पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि समाजसेवी अजय कुमार मिश्र ने अपनी पत्नी प्रेमलता मिश्र, जागृति फाउंडेशन के महासचिव रामयश मिश्र एवं राघवेंद्र पांडेय के साथ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से गौ माता और बछिया का पूजन किया। पूजन के उपरांत गौ माता को गुड़, चना, केला, लड्डू एवं हरा चारा खिलाया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने भव्य आरती कर सुख-समृद्धि और लोककल्याण की कामना की। पूजन-अर्चन आचार्य धीरज कुमार मिश्र ने संपन्न कराया।

इस अवसर पर संस्था के महासचिव रामयश मिश्र ने कहा कि गाय भारतीय संस्कृति और सभ्यता की आधारशिला है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार गौ माता के शरीर में 33 कोटि देवी-देवताओं का वास होता है। ऐसे में गौ माता की पूजा-अर्चना करना सभी देवी-देवताओं की आराधना के समान माना गया है।

राघवेंद्र पांडेय ने कहा कि सनातन संस्कृति में गाय का विशेष महत्व है। गाय हमारी धार्मिक परंपरा, संस्कृति और सभ्यता की पहचान है। गौ माता के बिना सनातन परंपरा की कल्पना अधूरी है।

वहीं, आचार्य धीरज कुमार मिश्र ने कहा कि वर्तमान समय में गौ संरक्षण और संवर्धन की आवश्यकता है। हम सभी को गौ माता की रक्षा, सेवा और पालन-पोषण का संकल्प लेना चाहिए, ताकि भारतीय संस्कृति और परंपराएं अक्षुण्ण बनी रहें।

कार्यक्रम में मंजू मिश्रा, डॉ. बीरबल पांडेय, पवन सहित अन्य श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी