वाराणसी में जाम की समस्या से पार पाने के लिए खुलेगा कॉलोनियों का गेट

 


—​शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए नगर आयुक्त के निर्देश,​पूरे शहर में लागू होगी यह व्यवस्था

वाराणसी,27 दिसंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी शहर में सुगम यातायात की गहराती समस्या को देख कॉलोनियों के बंद गेट भी ख्रोले जाएंगे। शनिवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने अपर पुलिस उपायुक्त (यातायात) की रिपोर्ट को गंभीरता से लेते हुए शहर की विभिन्न कॉलोनियों के बंद गेटों को निर्धारित समय के लिए खोलने का निर्देश जारी किया है। यह व्यवस्था क्रमबद्ध तरीके से पूरे शहर में लागू की जाएगी। प्रथम चरण में टैगोर टाउन, भुवनेश्वर नगर और विन्ध्यवासिनी नगर जैसी कॉलोनियों को चिन्हित किया गया है। ​कॉलोनीवासियों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए प्रशासन ने विशेष कार्य योजना तैयार की है। नगर आयुक्त ने आश्वस्त किया है कि गेट खुलने से निवासियों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। इसके लिए कॉलोनी के प्रमुख मार्गों की निगरानी की जाएगी।

दरअसल, जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि यातायात सुचारू करने के साथ-साथ नागरिक सुरक्षा का घेरा भी मजबूत रहे। इस क्रम में गत दिनों ​यातायात पुलिस के भौतिक निरीक्षण में पाया गया कि भोजूबीर, अर्दली बाजार और महावीर मंदिर जैसे व्यस्त मार्गों पर घंटों जाम का कारण आंतरिक गलियों और कॉलोनियों के गेट बंद होना है। पूर्व में ये गलियां आवागमन का माध्यम थीं, लेकिन अब इनके बंद होने से मुख्य चौराहों पर भारी दबाव रहता है। इन गेटों के खुलने से वाहन बाईपास की तरह इन रास्तों का उपयोग कर सकेंगे और जाम की समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी। ​​नगर आयुक्त ने जोनल अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे निवासियों के प्रतिनिधियों से वार्ता कर गेट खुलवाना सुनिश्चित करें। नगर ​आयुक्त के अनुसार ​भारी यातायात वाले क्षेत्र में शीतकाल में सुबह 06:00 से रात 10:00 बजे तक गेट खुले रहेंगे। वहीं,​सामान्य यातायात वाले क्षेत्र में सुबह 10:00 से रात 08:00 बजे तक गेट खोलना अनिवार्य होगा। प्रथम चरण में कुछ कॉलोनियों को चिन्हित कर यह पहल शुरू की गई है, जिसे धीरे-धीरे पूरे शहर में विस्तार दिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी