वाराणसी: गंगा में डूब रहे युवकों को जल पुलिस ने बचाया

 




वाराणसी,21 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी के दशाश्वमेघ क्षेत्र के अहिल्याबाईघाट पर मंगलवार को गंगा में नहाते समय तीन युवक फिसल कर गहरे पानी में डूबने लगे। लोगों की चीख पुकार सुन मौजूद जल पुलिस के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

आरक्षी कुमार गौरव ने बताया कि गंगा नदी में नहाते समय तीन युवक डूब रहे थे, जिन्हें सूझबूझ का परिचय देते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सभी युवक मुजफ्फरपुर (बिहार) के निवासी बताए जा रहे हैं।

जल पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने पुलिस के सराहनीय कार्य की जमकर प्रशंसा की। लोगों ने कहा कि वाराणसी पुलिस की सतर्कता एक बार फिर तीन युवकों की जीवन रक्षक साबित हुई।

युवकों ने बताया कि वे वाराणसी गंगा स्नान और बाबा विश्वनाथ के दर्शन पूजन के लिए आए थे। घाट पर गंगा में गहराई का अंदाजा न मिलने पर पानी में डूबने लगे। जल पुलिस के जवानों ने उन्हें बचा लिया। युवकों ने जान बचने पर जलपुलिस कर्मियों का आभार जताया।--------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी