वाराणसी : पवित्र गंगा नदी में नानवेज पार्टी और शराब पीने के आरोपितों को मिली जमानत
वाराणसी, 24 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में पतित पावनी गंगा नदी में नाव पर नानवेज पार्टी करने और शराब पीने के आरोपित पांचों युवकों को कोर्ट से राहत मिल गई। इन सभी आराेपिताें काे साेमवार काे देर रात गिरफ्तार किया गया था और मंगलवार को सभी को पुलिस लाइन स्थित मजिस्ट्रेट के यहां ले गई, जहां से जहां देर रात जमानत पर रिहा कर दिया गया।
कार्यपालक मजिस्ट्रेट/सहायक पुलिस आयुक्त तृतीय की अदालत ने सूजाबाद पड़ाव, थाना रामनगर निवासी दीपक कुमार, नाव चालक अजय साहनी, डोमरी, रामनगर, वाराणसी के अरुण कुमार साहनी, अनुराग निषाद, बंधा रोड, सूजाबाद, रामनगर निवासी राहुल साहनी को 20-20 हजार रुपए की दो जमानतें एवं बंधपत्र देने पर रिहा करने का आदेश दिया। मंगलवार शाम अदालत में बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता विकास सिंह ने पक्ष रखा।
प्रकरण के अनुसार गंगा नदी में नानवेज पार्टी और शराब पीने का वीडियो बीते सोमवार की देर शाम इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के बाद लोग नाराज हो उठे। पुलिस की सर्विलांस टीम ने वीडियो को संज्ञान लेकर आनन-फानन में पांच आरोपितों की पहचान कर सभी को गिरफ्तार कर लिया। नाव को भी पुलिस ने सीज कर दिया है।
दशाश्वमेध सहायक पुलिस आयुक्त डा. अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि वायरल वीडियो के जांच में पता चला कि मान मंदिर घाट पर बना वीडियो छह माह पुराना है। वीडियो में दिख रहे लोग सूजाबाद पड़ाव, थाना रामनगर निवासी दीपक कुमार, नाव चालक अजय साहनी, डोमरी, रामनगर, वाराणसी के अरुण कुमार साहनी, अनुराग निषाद, बंधा रोड, सूजाबाद, रामनगर निवासी राहुल साहनी को गिरफ्तार कर लिया गया है। बताते चले कि बीते 16 मार्च को गंगा में इसी तरह का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ था। कोतवाली पुलिस ने दूसरे ही दिन 17 मार्च को 14 मुस्लिम युक्कों को गिरफ्तार किया था। उस मामले में आरोपितों को हाईकोर्ट से जमानत मिली थी। --------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी