गंगा दशहरा पर वाराणसी कांग्रेस परिवार ने किया माँ गंगा का पूजन-अर्चन
—मां गंगा से जनकल्याण एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना
वाराणसी, 26 मई (हि.स.)। गंगा दशहरा के पावन अवसर पर मंगलवार अपरान्ह कांग्रेस के वाराणसी इकाई ने शीतला घाट स्थित शीतला माता मंदिर परिसर में माँ गंगा का विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर दुग्धाभिषेक किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गंगा आरती कराने वाले अर्चकों ने माँ गंगा का पूजन संपन्न कराया। इसके बाद माता को चुनरी अर्पित कर प्रदेश एवं देशवासियों के सुख, समृद्धि, शांति और जनकल्याण की मंगलकामना की गई।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय की पत्नी रीना राय ने कहा कि माँ गंगा हमारे संस्कृति, आस्था और सभ्यता की जीवनदायिनी धारा हैं। गंगा दशहरा के इस पावन अवसर पर हमने माँ गंगा का पूजन-अर्चन कर समस्त प्रदेश एवं काशीवासियों के सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की है। माँ गंगा सभी के जीवन में सुख, शांति और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करें। साथ ही हम सभी का दायित्व है कि गंगा की स्वच्छता, निर्मलता और अविरलता को बनाए रखने के लिए सामूहिक प्रयास करें। कांग्रेस पार्टी सदैव जनसेवा, सामाजिक सद्भाव और लोककल्याण के मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध है तथा जनता की खुशहाली के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी। कार्यक्रम में पार्टी के वाराणसी महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे , मनीष मोरोलिया , ओमप्रकाश ओझा , पूनम कुंडू , प्रमोद वर्मा , चंचल शर्मा, प्रेमजी तिवारी, आकाश मल्होत्रा, रोहित दुबे, आशीष गुप्ता, विनीत चौबे, आयुष पटेल आदि भी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी