वाराणसी एयरपोर्ट पर दो घंटे बंद रही विमानों की लैंडिंग, मरम्मत के बाद रनवे खुला
कई उड़ानें अयोध्या और लखनऊ डायवर्ट, यात्रियों को हुई परेशानी
वाराणसी, 11 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित बाबतपुर लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर मंगलवार दोपहर करीब दो घंटे तक विमानों की लैंडिंग बंद रही। रनवे पर तकनीकी समस्या के चलते सुरक्षा कारणों से यह कदम उठाया गया। इसका सीधा असर वाराणसी आने-जाने वाली उड़ानों पर पड़ा। कई उड़ानों को अयोध्या और लखनऊ एयरपोर्ट डायवर्ट किया गया, जबकि एक उड़ान रद्द कर दी गई।
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार रनवे विस्तार के लिए चल रहे निर्माण कार्य के दौरान कुछ समस्या सामने आई। लैंडिंग के दौरान पायलटों ने दिक्कत की शिकायत की, जिसके बाद सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए रनवे को तत्काल बंद कर दिया गया। इसके बाद रनवे की सफाई और आवश्यक मेंटेनेंस का कार्य कराया गया।
इस दौरान दिल्ली से वाराणसी आ रही इंडिगो की उड़ान संख्या 6E-5025 को अयोध्या एयरपोर्ट डायवर्ट किया गया। वहीं, पुणे से वाराणसी आ रही इंडिगो की उड़ान संख्या 6E-6802 को लखनऊ एयरपोर्ट भेजा गया। वाराणसी से हिंडन जाने वाली इंडिगो की उड़ान संख्या 6E-2590 को रद्द कर दिया गया। उड़ानों के डायवर्जन और देरी के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। एयरलाइन की ओर से निर्धारित प्रक्रिया के तहत यात्रियों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई गई।
बाबतपुर एयरपोर्ट के निदेशक पुनीत गुप्ता ने पत्रकारों को बताया कि सुरक्षा कारणों से रनवे को करीब डेढ़ से दो घंटे के लिए बंद किया गया था। सफाई और आवश्यक रखरखाव कार्य पूरा होने के बाद रनवे को विमानों के संचालन के लिए खोल दिया गया और हवाई यातायात सामान्य हो गया।
रात में पहले से बंद हैं उड़ानें
गौरतलब है कि वाराणसी एयरपोर्ट पर रनवे विस्तार कार्य के चलते पिछले करीब एक माह से रात की उड़ानों का संचालन बंद है। वर्तमान में रात 10 बजे से सुबह सात बजे तक एयरपोर्ट से विमानों का संचालन नहीं हो रहा है। एयरपोर्ट के विस्तार का काम करीब 2,870 करोड़ रुपये की लागत से चल रहा है। इसके तहत नई और बड़ी टर्मिनल बिल्डिंग का निर्माण किया जा रहा है। साथ ही मौजूदा 2,750 मीटर लंबे रनवे को बढ़ाकर 4,000 मीटर से अधिक किया जा रहा है। रनवे की लंबाई बढ़ने से बड़े विमानों के संचालन में सुविधा होगी। इसके अलावा एयरपोर्ट परिसर में देश का पहला रनवे अंडरपास (टनल) भी बनाया जा रहा है।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी