यूपी बोर्ड परीक्षा में फर्जी अभ्यर्थी बनकर परीक्षा देने का आरोपित गिरफ्तार
वाराणसी, 02 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की इंटरमीडिएट भौतिक विज्ञान परीक्षा में अपने मित्र के स्थान पर परीक्षा देने के आरोपित को सिंधोरा पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपित नारायण भारद्वाज पुत्र फौजदार भारद्वाज, निवासी ग्राम पियरी, थाना चौबेपुर के खिलाफ सिंधोरा पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गोमती जोन कमिश्नरेट वाराणसी के अनुसार, यह मामला 6 मार्च को थाना सिंधोरा क्षेत्र स्थित एस.बी. इंटर कॉलेज, बूंची परीक्षा केंद्र पर आयोजित इंटरमीडिएट भौतिक विज्ञान परीक्षा के दौरान सामने आया था। जांच में पता चला कि परीक्षार्थी वैभव कुमार सिंह पुत्र प्रवीण सिंह, निवासी फत्तेपुर, थाना सिंधोरा, की जगह उसका मित्र नारायण भारद्वाज परीक्षा देने बैठा था।
परीक्षा के दौरान कक्ष निरीक्षक ने प्रवेश पत्र और आधार कार्ड पर अंकित फोटो का मिलान किया तो दोनों में असंगति पाई गई। संदेह होने पर की गई गहन जांच में खुलासा हुआ कि परीक्षा दे रहा युवक वास्तविक अभ्यर्थी नहीं, बल्कि किसी अन्य के स्थान पर परीक्षा देने आया था। इसके बाद कक्ष निरीक्षक की लिखित तहरीर के आधार पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
विवेचना के दौरान नारायण भारद्वाज का नाम प्रकाश में आया, जिसके बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। आखिरकार मंगलवार को सिंधोरा पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि उसकी वैभव कुमार सिंह से मित्रता थी। वैभव भौतिक विज्ञान विषय में कमजोर था, इसलिए उसने उसके स्थान पर परीक्षा देने का निर्णय लिया। आरोपी ने बताया कि वह वैभव का आधार कार्ड और प्रवेश पत्र लेकर परीक्षा केंद्र पहुंचा था। हालांकि, दस्तावेजों के सत्यापन के दौरान उसे पकड़े जाने की आशंका हुई। इसी दौरान वह विद्यालय भवन की पहली मंजिल से कूदकर मौके से फरार हो गया था।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में वास्तविक परीक्षार्थी वैभव कुमार सिंह को पहले ही गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा चुकी है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी