पुलिसकर्मियों पर रौब झाड़ रहे फर्जी दरोगा को चोलापुर पुलिस ने दबोचा
वाराणसी, 01 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जनपद के चोलापुर क्षेत्र में बुधवार को पुलिस ने फर्जी दरोगा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित युवक पुलिस की वर्दी पहनकर अपने रिश्तेदारों और दोस्तों और मोहल्ले में भी रौब जमाता था। फर्जी दरोगा लोगों को सरकारी नौकरी दिलाने का झांसापट्टी देकर उनसे उगाही भी करता था। पीड़ित युवा उससे नौकरी के बारे में पूछते या अपने पैसे वापस मांगते, तो वह उन्हें जेल भेजने की धमकी देता था। आरोपित युवक की पहचान शिवपुर थाना क्षेत्र के इंदरपुर निवासी राजन (22 ) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, चोलापुर पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक पुलिस की वर्दी पहन कंधे पर स्टार लगाए दुकानदारों और राहगीरों पर रौब झाड़ने के साथ उन्हें धमका रहा है। पुलिस टीम ने आरोपित युवक को घेर कर पकड़ लिया। इस दौरान फर्जी दरोगा पुलिस कर्मियों पर ही रौब जमाने लगा। सूचना पाकर सारनाथ एसीपी विदुष सक्सेना भी थाने पहुंच गए। थाने में आरोपित से पूछताछ के साथ उसके पास से मिले पहचान पत्र, नियुक्ति से जुड़े सरकारी दस्तावेजों और अन्य जरूरी अभिलेखों की बहुत बारीकी से छानबीन हो रही है। इस संबंध में चोलापुर थाना प्रभारी सधुबन राम गौतम ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। आरोपित के अपराधिक रिकॉर्ड और अन्य गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी