वाराणसी में ईंद का चांद दिखा, शनिवार को ईद, जमकर आतिशबाजी,बधाईयों का दौर शुरु
— सोशल मीडिया पर ईद मुबारक के संदेशों की आई बाढ़,बच्चों और युवाओं में उत्साह
वाराणसी, 20 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी (काशी) में शुक्रवार शाम को ईद का चांद दिखते ही मुस्लिम समाज में उल्लास और खुशियों का माहौल है। चांद दिखते ही जहां सभी ने एक-दूसरे के गले मिलकर ईद की बधाई दी। वहीं, युवकों और बच्चों ने चांद का दीदार होने पर पटाखे छोड़ अपनी खुशी का इज़हार किया।
वाराणसी में शनिवार को ईद-उल-फित्र का महापर्व पूरे अकीदत के साथ मनाया जाएगा। महापर्व के पूर्व संध्या पर सोशल मीडिया पर भी ईद मुबारक के संदेशों की बाढ़ आ गई। ईद का चांद नजर आने के साथ ही माह-ए-रमजान भी पूरा हो गया। उधर,चांद दिखने और इसका एलान होते ही बाजारों में खरीददारों की भीड़ उमड़ पड़ी। शहर के दालमंडी, हड़हा सराय, बेनिया, नई सड़क, मदनपुरा, बजरडीहा, जैतपुरा, आदमपुर, सरैया और अर्दली बाजार, भोजबीर, शिवपुर में देर रात तक चहल—पहल रही।
बाजारों में रेडिमेड वस्त्र, होजरी,जूता, चप्पल, टोपी, इत्र, कुर्ता-पायजामा समेत अन्य सामानों की खरीदारी हुई। इसके पहले दोपहर और अपरान्ह में शहर के ज्ञानवापी सहित विभिन्न मस्जिदों और इबादतगाहों,ईदगाहों में कड़ी सुरक्षा के बीच अलविदा की नमाज दूसरी बार पढ़ी गई। नाटीईमली बुनकर कॉलोनी के महबूब और आशिफ अंसारी ने बताया कि देश में कई वर्षों बाद माहे रमजान में ईद से पहले दो बार अलविदा की नमाज अता की गई। रमजान के पांचवे जुमे (20 मार्च) को 30वां रोज पूरे पाकिजगी और अकीदत से रखा गया। उधर, शाम ढ़लते ही लोग ईद का चांद देखने के लिए परिवार के साथ घर की छतों पर डट गए। शाम को आसमान में जैसे ही ईद का चांद दिखा लोग खुशी से उछल पड़े।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी