वाराणसी : अपर पुलिस उपायुक्त, डॉ. ईशान सोनी के स्थानांतरण पर दी गई विदाई, सीपी ने सराहा

 


वाराणसी, 13 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में तैनात अपर पुलिस उपायुक्त डॉ. ईशान सोनी के स्थानांतरण पर सोमवार को पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी। इस अवसर पर उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए सभी अधिकारियों ने उनके योगदान को स्मरण किया।

पुलिस कमिश्नर ने डॉ. सोनी की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान प्रशासनिक दक्षता, अनुशासन, बेहतर समन्वय तथा जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया। उनके नेतृत्व में पुलिस विभाग ने कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं। अन्य अधिकारियों ने भी उनके कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस दौरान नवागत अपर पुलिस उपायुक्त लिपि नागयाच का पुष्पगुच्छ भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। पुलिस कमिश्नर ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके अनुभव, नेतृत्व क्षमता और कार्यकुशलता से वाराणसी कमिश्नरेट की कार्यप्रणाली को नई दिशा और गति मिलेगी।

कार्यक्रम में अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी