वेयर हाउस की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए:सत्येन्द्र कुमार

 


— जिलाधिकारी ने किया ईवीएम और वीवीपैट मशीनों का त्रैमासिक निरीक्षण

वाराणसी,30 जून (हि.स.)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के पालन में मंगलवार को उत्तर प्रदेश के वाराणसी सदर तहसील स्थित वेयर हाउस में रखे ईवीएम और वीवीपैट मशीनों का जिलाधिकारी ने जायजा लिया। विभिन्न राजनीतिक दल के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में जिला मजिस्ट्रेट/जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने वेयर हाउस का त्रैमासिक आंतरिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी प्रणाली तथा परिसर की साफ-सफाई की स्थिति परखी।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वेयर हाउस की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा सुरक्षा कर्मियों की ड्यूटी निर्धारित समय के अनुसार सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही नहीं होनी चाहिए। साथ ही सीसीटीवी कंट्रोल रूम को 24 घंटे संचालित रखने के निर्देश दिए, ताकि वेयर हाउस में आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा सके। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी को परिसर एवं संबंधित कक्षों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन संबंधी सामग्री के सुरक्षित रख-रखाव के लिए वेयर हाउस परिसर की व्यवस्थाएं बेहतर बनी रहनी चाहिए।निरीक्षण के दौरान मशीनों की स्थिति, सुरक्षा उपकरणों, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था तथा संधारित अभिलेखों की भी समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ रखा जाए तथा नियमित रूप से निगरानी सुनिश्चित की जाए। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी/एडीएम प्रशासन पंकज कुमार, एसडीएम सदर नितिन सिंह सहित जिला निर्वाचन कार्यालय के कर्मचारी व राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी