बाढ़ में भी जारी रहे मणिकर्णिका कॉरिडोर के ऊपरी स्तरों के काम : जिलाधिकारी

 


मणिकर्णिका घाट कॉरिडोर का डीएम ने किया निरीक्षण, समयबद्ध निर्माण और सुविधाओं को लेकर दिए निर्देश

वाराणसी, 08 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी के मणिकर्णिका घाट पर निर्माणाधीन कॉरिडोर के कार्यों को बाढ़ के दौरान भी गति देने के लिए जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने अधिकारियों को ऊपरी स्तरों के कार्य लगातार जारी रखने के निर्देश दिए हैं। शनिवार को मणिकर्णिका घाट पहुंचकर जिलाधिकारी ने कॉरिडोर के निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया और परियोजना की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने परियोजना प्रमुख आदित्य सिंह और संबंधित अधिकारियों के साथ ड्रॉइंग एवं नक्शों के आधार पर निर्माण कार्यों की स्थिति जानी। उन्होंने कहा कि बाढ़ के कारण यदि निचले स्तरों पर निर्माण कार्य प्रभावित होता है तो ऊपरी स्तरों पर उपलब्ध कार्यों को हर हाल में जारी रखा जाए, ताकि परियोजना की प्रगति बाधित न हो। उन्होंने समयबद्ध तरीके से निर्माण पूरा करने के लिए आवश्यक संसाधनों और व्यवस्थाओं को पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कॉरिडोर के एमेनिटी ब्लॉक का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि सभी छतों की ढलाई पूरी हो चुकी है, इसलिए शेष ईंट के कार्य को तत्काल शुरू कराया जाए। घाट पर आमजन और लकड़ी विक्रेताओं के आवागमन के लिए बनाए जा रहे रैम्प का निरीक्षण करते हुए उन्होंने इसके निर्माण में सुरक्षा और सुगमता का विशेष ध्यान रखने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि रैम्प ऐसा हो, जिससे दाह-संस्कार के लिए आने वाले लोगों और लकड़ी विक्रेताओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

—फूल-माला और अन्य सामग्री के निस्तारण की बनेगी व्यवस्था

जिलाधिकारी ने मणिकर्णिका कॉरिडोर में फूल-माला, कफन और अन्य सामग्री के निस्तारण की व्यवस्था पर भी परियोजना प्रमुख के साथ चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिया कि इन सामग्रियों के उचित निस्तारण के लिए निर्धारित स्थान और जरूरी व्यवस्थाएं पहले से विकसित की जाएं, ताकि कॉरिडोर का निर्माण पूरा होने के बाद परिसर में गंदगी और अव्यवस्था की स्थिति न बने।

कॉरिडोर में पर्याप्त शौचालय सुविधा उपलब्ध नहीं होने से आमजन को होने वाली परेशानी को देखते हुए जिलाधिकारी ने शौचालयों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि बाढ़ के दौरान भी शौचालय सुविधा सुचारु रूप से संचालित होती रहे, इसके लिए आवश्यक प्रबंध पहले से किए जाएं। इसके बाद जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन बालाजी घाट और यूनिटी मॉल का भी निरीक्षण किया तथा दोनों परियोजनाओं की भौतिक प्रगति की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान एडीएम एफआर सदानंद गुप्ता, तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित नगर निगम के अधिकारी भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी