127 दिव्यांगजनों को दिए गए सहायक उपकरण,केन्द्र के एडीप योजना में मिला लाभ

 


वाराणसी, 20 नवम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की आध्यात्मिक सांस्कृतिक नगरी काशी में शुक्रवार को जन विकास समिति आसरा केंद्र के बैनर तले भारत सरकार की एडीप योजना के अंतर्गत दिव्यांगों में सहायक उपकरण वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कुल 127 दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकतानुसार विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरण वितरित किए गए।

इस कार्यक्रम के दौरान दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड साइकिल, ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, कान की मशीन, कमोड चेयर सहित अन्य आवश्यक सहायक उपकरण प्रदान किए गए। इन उपकरणों का उद्देश्य दिव्यांगजनों की दैनिक गतिविधियों को सुगम बनाना, उनकी गतिशीलता एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना तथा उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है।

कार्यक्रम में राज्य सलाहकार बोर्ड के सदस्य डॉ उत्तम ओझा की भी उपस्थिति रही। उन्होंने उपस्थित बच्चों एवं दिव्यांगजनों को अपना आशीर्वचन भी दिया। उन्होंने दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण, सम्मानजनक जीवन और समाज में समान अवसर उपलब्ध कराने के महत्व का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि समिति का यह प्रयास दिव्यांगजनों के जीवन को अधिक सुगम, सुविधाजनक एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उम्मीद है कि संस्था भविष्य में भी दिव्यांगजनों के अधिकारों, पुनर्वास एवं सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी