केंद्र व राज्य सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएं : ब्रजेश पाठक

 


-प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ने वाराणसी में आयुष्मान भारत सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की

वाराणसी, 29 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बुधवार को कहा कि आमजन को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। हम निरंतर इस दिशा में उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं। हमें अपने कार्य को और गुणवत्तापरक बनाना है। केंद्र और प्रदेश सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना है।

उप मुख्यमंत्री स्थानीय सर्किट हाउस में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक कर रेह थे। उन्होंने चिकित्साधिकारियों को निर्देशित किया कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित स्वास्थ्य सुविधाएं सभी पात्र व्यक्तियों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचें। डिप्टी सीएम ने आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों से बारे में संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की।

उन्होंने राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम, बच्चों के टीकाकरण, सर्वाइकल कैंसर से संबंधित एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) वैक्सीन को लेकर चिकित्साधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। बृजेश पाठक ने कहा कि आभा आईडी स्टेटस को लेकर अधिकारी अपडेट रहें। ई— कवच पोर्टल एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर भी उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया। बैठक में महापौर तिवारी, अपर निदेशक (स्वास्थ्य) डॉ. एनडी शर्मा, डॉ. आरवी कमल, सीएमओ डॉ. मुकेश कुमार, स्वास्थ्य इकाइयों के सीएमएस अन्य अन्य चिकित्साधिकारी उपस्थित रहे।

——कालभैरव मंदिर में किया दर्शन पूजन

प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने वाराणसी दौरे में काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव के दरबार में भी हाजिरी लगाई। विभागीय समीक्षा बैठक के पहले उन्होनें काशी विश्वनाथ और कालभैरव मंदिर में दर्शन पूजन किया। दर्शन पूजन के बाद उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा कि आज बाबा काशी विश्वनाथ जी की पावन धरा जनपद वाराणसी में काशी के कोतवाल भगवान काल भैरव के दर्शन-पूजन करने का परम सौभाग्य प्राप्त हुआ। भगवान श्री काल भैरव सभी पर अपना आशीर्वाद बनाए रखें।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी