प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की पुण्यतिथि मनी, भाजपा नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
—भाजपा जिलाध्यक्ष बोले, 'बाबूजी' जैसा नेतृत्व आज दुर्लभ
वाराणसी, 21 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री पद्म विभूषण कल्याण सिंह 'बाबूजी' की पुण्यतिथि शुक्रवार को रोहनिया केशरीपुर स्थित भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय में मनाई गई। आयोजित श्रद्धांजलि सभा में पूर्व मुख्यमंत्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया गया। इस अवसर पर पार्टी के वाराणसी जिलाध्यक्ष राम सकल पटेल ने कहा कि आज के समय में कल्याण सिंह जैसा नेता बनना मुश्किल है। उन्होंने प्रदेश के लिए जो काम कर दिखाया, उसे कोई नहीं कर सकता। एमएलसी धर्मेन्द्र सिंह ने भी कल्याण सिंह के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उनके फैसले आज भी प्रदेश की राजनीति और प्रशासन के लिए मार्गदर्शक हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या ने कहा कि बाबूजी के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनके आदर्श और राष्ट्रभक्ति आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देते रहेंगे। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता संजीव सिंह गौतम, जिला मंत्री अश्वनी पांडेय, संदीप सिंह 'मिंटू', जिला महामंत्री महिला मोर्चा रेखा चौहान, खुशबू सिंह, अशोक सिंह, विनय सिंह 'हिटलर', उमाशंकर पटेल, अभिषेक त्रिपाठी 'सुमित', सुरेन्द्र पटेल, जगदीश जायसवाल, वीरेंद्र पटेल, अमित सिंह 'पीयूष', किशन सिंह, कुलदीप पटेल, अजय पटेल आदि मौजूद रहे। संचालन जिला महामंत्री संजय सोनकर ने किया।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी