डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल ने छात्राओं से किया संवाद

 


जेईई, नीट और यूपी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी को लेकर दिए उपयोगी सुझाव

वाराणसी, 31 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी के रामनगर स्थित राधा किशोरी राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में सोमवार को डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल ने कक्षा 9वीं से 12वीं तक की छात्राओं से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं की पढ़ाई, करियर और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों से जुड़े सवालों के जवाब दिए। संवाद कार्यक्रम में छात्राओं ने जेईई, नीट, यूपी बोर्ड सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर अपनी जिज्ञासाएं रखीं। डीसीपी ने छात्राओं को परीक्षाओं की तैयारी के तरीके, समय प्रबंधन और नियमित अध्ययन के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी लक्ष्य को हासिल करने के लिए मेहनत के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और सही मार्गदर्शन बेहद जरूरी है। गौरव बंसवाल ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। निरंतर प्रयास, सकारात्मक सोच और अपनी क्षमताओं पर विश्वास के साथ आगे बढ़ने से लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने छात्राओं को पढ़ाई के साथ अपने व्यक्तित्व विकास पर भी ध्यान देने की सलाह दी। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और डीसीपी से विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे। डीसीपी ने छात्राओं के प्रश्नों का सहजता से जवाब देते हुए उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति गंभीर रहने के लिए प्रेरित किया।इस अवसर पर रामनगर थाना प्रभारी संजय मिश्रा, विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं और अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी