उत्तर प्रदेश में डाला छठ पर आस्था का सैलाब, लाखों व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्पित किया पहला अर्घ्य

 






- प्रदेशभर के नदियों, तालाबों और सरोवरों के घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, छठी मैया के गीतों से गूंजे घाट

वाराणसी, 15 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था और सूर्योपासना के महापर्व डाला छठ के तीसरे दिन रविवार को उत्तर प्रदेश में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। प्रदेशभर में लाखों व्रती महिलाओं ने नदियों, तालाबों, सरोवरों और कुंडों के तट पर पहुंचकर अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को दूध और जल से पहला अर्घ्य अर्पित किया। 36 घंटे के निर्जला व्रत के कठिन अनुष्ठान के बीच व्रतियों ने विधि-विधान से सूर्यदेव और छठी मैया की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य और खुशहाली की कामना की।

छठ महापर्व के तीसरे दिन सुबह से ही प्रदेश के प्रमुख नदियों और जलाशयों के घाटों पर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। शाम होते-होते घाटों पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। वाराणसी, प्रयागराज, अयोध्या, गोरखपुर, मीरजापुर, बलिया, आजमगढ़, देवरिया, लखनऊ, कानपुर, आगरा और झांसी समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों में छठ पूजा की धूम रही। हर ओर छठी मैया के पारंपरिक गीत, पूजा की तैयारियां और दीपों की रोशनी से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

प्रयागराज में गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के पवित्र संगम तट के साथ बलुआघाट, शिवकुटी, अरैल और फाफामऊ घाटों पर बड़ी संख्या में व्रती महिलाएं अपने परिजनों के साथ पहुंचीं। यहां अस्त होते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी। वहीं, राजधानी लखनऊ में गोमती नदी के किनारे लक्ष्मण मेला घाट, कुड़ियाघाट, झूलेलाल घाट और संझियाघाट पर छठ पूजा का विशेष उत्साह देखने को मिला। व्रती महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भगवान भास्कर को दूध और जल अर्पित कर संतान की दीर्घायु और परिवार की मंगलकामना की। इस दौरान आतिशबाजी भी बच्चे करते रहे।

धर्मनगरी वाराणसी में गंगा के विभिन्न घाटों पर छठ की अनुपम छटा दिखाई दी। दशाश्वमेध, अस्सी, पंचगंगा, सामनेघाट, तुलसीघाट, हनुमान घाट, सिंधिया घाट और भैंसासुर घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। घाटों पर व्रती महिलाएं कमर या घुटने तक गहरे पानी में खड़ी होकर हाथों में फल, ठेकुआ और पूजा सामग्री से सजे बांस के सूप लेकर भगवान सूर्य की आराधना करती नजर आईं। परिवार के अन्य सदस्य भी पूजा की तैयारियों में जुटे रहे।

इस दौरान घाटों पर छठी मैया के पारंपरिक लोकगीतों की मधुर गूंज सुनाई देती रही। 'कांच ही बांस के बहंगिया...', 'उजे केरवा जे फरेला घवद से, ओ पर सुग्गा मेड़राय...' जैसे लोकगीतों ने पूरे वातावरण को छठमय बना दिया। कई व्रती महिलाओं ने मन्नत पूरी होने पर पारंपरिक विधि से कोसी भरने का अनुष्ठान भी किया। पूजा संपन्न होने के बाद महिलाएं दीप प्रज्वलित कलश, सूप और दउरी में प्रसाद लेकर घरों की ओर रवाना हुईं। इस दौरान परिजन दीपों को हवा और भीड़ से बचाते हुए उनके साथ चलते रहे। घाटों से घरों तक भक्ति और उल्लास का माहौल बना रहा।

महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा। प्रदेश के विभिन्न जिलों में घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और भीड़ नियंत्रण के विशेष इंतजाम किए गए। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर एनडीआरएफ, जल पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें तैनात रहीं। संवेदनशील घाटों पर विशेष निगरानी रखी गई, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

भीड़ प्रबंधन के लिए प्रमुख शहरों में कई मार्गों पर डायवर्जन लागू किया गया है। डाला छठ पर्व पर काशी के सभी 84 गंगा घाटों समेत कुंडों और सरोवरों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। सुरक्षा के लिए एनडीआरएफ की नौ टीमें, ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी हो रही है। प्रत्येक टीम में 30 बचावकर्मी शामिल है। इनमें रेस्क्यू मोटर बोट, वाटर एंबुलेंस, लाइफ जैकेट, लाइफ बॉय, ऑक्सीजन सिलिंडर और प्रशिक्षित गोताखोर लगातार गश्त करते रहे। गंगा के आठ प्रमुख घाटों और सरोवरों पर अग्निशमन कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। पुलिस ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी कर रही है।

उल्लेखनीय है कि चार दिवसीय डाला छठ महापर्व का सोमवार तड़के समापन होगा। अंतिम दिन व्रती महिलाएं उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगी। इसके साथ ही 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण कर व्रती छठ महापर्व के कठिन अनुष्ठान को पूर्ण करेंगी। पूरे प्रदेश में इस महापर्व ने एक बार फिर लोक आस्था, पारिवारिक एकजुटता, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं की जीवंत तस्वीर प्रस्तुत की।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी