डाला छठ और लोटा-भंटा मेले को लेकर गोमती जोन पुलिस अलर्ट, एडीसीपी ने वरुणा घाट का किया निरीक्षण
वाराणसी, 15 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था के महापर्व डाला छठ और आगामी लोटा-भंटा मेले (29 नवम्बर ) को लेकर गोमती जोन पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। छठ महापर्व के तीसरे दिन रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के लिए घाटों पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ की सुरक्षा तथा आगामी मेले में बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
अपर पुलिस उपायुक्त, गोमती जोन नृपेन्द्र सिंह ने शनिवार शाम अधिकारियों के साथ थाना जंसा क्षेत्र स्थित रामेश्वर महादेव मंदिर, वरुणा नदी के घाटों एवं मेला स्थल का निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, श्रद्धालुओं के आवागमन और सुरक्षा संबंधी इंतजामों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एडीसीपी ने घाटों एवं मेला स्थल पर जरूरत के अनुसार बैरिकेडिंग, साइन बोर्ड, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने को कहा। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर गहरे पानी वाले स्थानों पर विशेष बैरिकेडिंग कराने, गोताखोरों एवं वालंटियर्स की तैनाती तथा घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल लगाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए अलग पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए घाटों पर मिशन शक्ति टीम, एंटी रोमियो स्क्वॉड और सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
वहीं, आगामी लोटा-भंटा मेले में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए एडीसीपी ने मेला स्थल और आसपास के मार्गों पर भीड़ प्रबंधन एवं यातायात व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने थाना जंसा के साथ ही श्रद्धालुओं की आवाजाही से प्रभावित होने वाले थाना बड़ागांव क्षेत्र में भी कानून-व्यवस्था और यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए।
-------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी