लोक आस्था का महापर्व डाला छठ 13 नवंबर से, नहाय-खाय के साथ शुरू होगा चार दिवसीय अनुष्ठान
छठमाता के गीतों से गूंजने लगे घर-आंगन, बाजारों में सजीं पूजन सामग्री की दुकानें, व्रती महिलाओं ने शुरू की तैयारियां
वाराणसी, 10 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था, पवित्रता और सूर्योपासना का महापर्व डाला छठ 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ शुरू होगा। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व को लेकर काशी सहित आसपास के क्षेत्रों में तैयारियां तेज हो गई हैं। सनातनी घरों में छठमाता के पारंपरिक गीत गूंजने लगे हैं, वहीं बाजारों में भी छठ पूजा से जुड़ी सामग्री की दुकानें सज गई हैं। व्रती महिलाओं ने पूजन सामग्री जुटाने और प्रसाद तैयार करने की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
छठ महापर्व के पहले दिन 13 नवंबर को व्रती महिलाएं सुबह स्नान-ध्यान कर भगवान सूर्य की आराधना करेंगी और चार दिवसीय व्रत का संकल्प लेंगी। इसके बाद आम की लकड़ी से मिट्टी के चूल्हे पर नए अरवा चावल का भात, चने की दाल और कद्दू की सब्जी तैयार की जाएगी। इसे छठी मइया को भोग लगाने के बाद व्रती महिलाएं स्वयं ग्रहण करेंगी और प्रसाद के रूप में परिजनों में वितरित करेंगी। इसी के साथ महापर्व के अनुष्ठान का विधिवत शुभारंभ होगा।
दूसरे दिन 14 नवंबर को खरना का विधान होगा। इस दिन व्रती महिलाएं पूरे दिन निर्जला उपवास रखेंगी। शाम को स्नान के बाद विधि-विधान से छठी मइया की पूजा-अर्चना करेंगी। इसके बाद गुड़ से बने रसियाव (खीर), शुद्ध घी से बनी रोटी और केले का भोग लगाया जाएगा। पूजा के बाद व्रती महिलाएं खरना का प्रसाद ग्रहण करेंगी और परिवार तथा परिचितों के बीच प्रसाद वितरित करेंगी। खरना के साथ ही 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत की शुरुआत होगी।
महापर्व के तीसरे दिन 15 नवंबर को व्रती महिलाएं अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगी। इस अवसर पर छठमाता के पारंपरिक गीत गाते हुए महिलाएं सिर पर पूजा की देउरी और सूप-दउरा लेकर गाजे-बाजे के साथ गंगा घाटों, नदियों और सरोवरों की ओर प्रस्थान करेंगी। घाटों पर सामूहिक रूप से छठी मइया की कथा सुनने और पूजा-अर्चना के बाद डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा।
वहीं, 16 नवंबर को महापर्व के अंतिम दिन उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। इसके साथ ही चार दिवसीय अनुष्ठान संपन्न होगा और व्रती महिलाएं व्रत का पारण करेंगी।
मान्यता के अनुसार, कार्तिक शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को मनाया जाने वाला छठ महापर्व भगवान सूर्य और छठी मइया की उपासना को समर्पित है। इस पर्व में शारीरिक और मानसिक शुद्धता के साथ नियम, संयम और पवित्रता का विशेष महत्व है। व्रती महिलाएं लगभग 36 घंटे तक निर्जला उपवास रखकर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की खुशहाली और आरोग्य की कामना करती हैं। छठ के चारों दिनों में घरों की साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाता है। पूजा के प्रसाद में शुद्धता और सात्विकता का पूरा ख्याल रखा जाता है। जिन घरों में छठ का व्रत होता है, वहां चार दिनों तक लहसुन-प्याज का सेवन भी वर्जित रहता है।
—बाजारों में सजीं छठ पूजन सामग्री की दुकानें
सूर्योपासना के महापर्व को लेकर बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है। शहर के प्रमुख चौराहों और बाजारों में छठ पूजा के लिए अस्थायी दुकानें सज गई हैं। इन दुकानों पर नया चावल, गुड़, सूप-दौरा, गन्ना, फल-फूल सहित पूजन की अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध है।
छठ पूजा में इस्तेमाल होने वाले सूप-दउरा ओडिशा और झारखंड से मंगाए गए हैं। वहीं, घाघरा नींबू की आपूर्ति मुजफ्फरपुर से हुई है, जबकि संतरे मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र से मंगाए गए हैं। बाजारों में सेब, केला सहित विभिन्न मौसमी फलों की भरपूर आवक है। पर्व को लेकर खरीदारी का सिलसिला भी शुरू हो गया है। दुकानदारों को उम्मीद है कि जैसे-जैसे छठ पूजा की तिथियां नजदीक आएंगी, बाजारों में ग्राहकों की भीड़ और बढ़ेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी