डाला छठ महापर्व प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, समभाव और लोकमंगल का महोत्सव : प्रो. बिहारी लाल शर्मा

 


-अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य की समान आराधना में निहित है भारतीय दर्शन का उदात्त संदेश

वाराणसी, 11 नवंबर (हि.स.)। सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर बिहारी लाल शर्मा ने कहा कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति में प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, समभाव, आत्मानुशासन और लोकमंगल की सनातन चेतना का प्रतीक है। यह पर्व केवल सूर्योपासना का धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि भारतीय जीवन-दर्शन की समग्रता और प्रकृति के संरक्षण का संदेश देने वाला सांस्कृतिक महोत्सव है।

विश्वविद्यालय परिसर स्थित योग साधना केन्द्र में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुलपति ने बुधवार को चार दिवसीय छठ महापर्व के आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं दार्शनिक महत्व पर विचार व्यक्त किए। उन्हाेंने कहा कि छठ की सबसे विशिष्ट परम्परा अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य की समान श्रद्धा से उपासना करना है। डूबते सूर्य को अर्घ्य देना जीवन में समभाव, विनम्रता और कृतज्ञता का संदेश देता है, जबकि उगते सूर्य की आराधना नई ऊर्जा, आशा और सकारात्मकता की प्रेरणा देती है। ऋग्वेद के मंत्र 'सूर्य आत्मा जगतस्तस्थुषश्च' का उल्लेख करते हुए उन्होंने सूर्य को समस्त चराचर जगत की चेतना, ज्ञान और जीवन का आधार बताया।

उन्होंने कहा कि नहाय-खाय, खरना, संध्याकालीन और प्रातःकालीन अर्घ्य के अनुष्ठान पवित्रता, तपस्या, त्याग और आत्मानुशासन की अनुपम साधना है। व्रती महिलाओं का कठिन व्रत, धैर्य और अटूट श्रद्धा नारीशक्ति तथा मातृत्व की आध्यात्मिक गरिमा का उदाहरण है। यह पर्व परिवार की सुख-समृद्धि, संतान के आरोग्य और समाज में पारस्परिक सद्भाव की भावना को भी मजबूत करता है। पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से छठ की प्रासंगिकता पर उन्होंने कहा कि सूर्य, जल, पृथ्वी, वनस्पति और अन्न के प्रति श्रद्धा हमें प्रकृति के महत्व का बोध कराती है। जलवायु परिवर्तन, प्रदूषण और जलसंकट के दौर में छठ का प्रकृति-केंद्रित संदेश अत्यंत महत्वपूर्ण है। बाँस के सूप, मिट्टी के पात्र, स्थानीय फल-फूल और कृषि उत्पादों का प्रयोग ग्रामीण अर्थव्यवस्था, कृषि संस्कृति और लोकशिल्प को भी प्रोत्साहित करता है।

प्रोफेसर शर्मा ने कहा कि छठ महापर्व सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठकर सहयोग, समरसता और सामूहिक कल्याण की भावना को पुष्ट करता है। पर्व की आध्यात्मिक पवित्रता के अनुरूप नदियों, सरोवरों और जलाशयों को स्वच्छ रखना तथा पर्यावरण अनुकूल आयोजन करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। अंत में उन्होंने कहा कि छठ महापर्व व्यक्ति के आत्मपरिष्कार, परिवार के मंगल, समाज की समरसता और प्रकृति के संरक्षण का व्यापक संदेश देता है। इसका मूल भाव 'सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः' की लोककल्याणकारी भावना में निहित है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी