वाराणसी में वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सूरज हेगड़े का अस्थि कलश गंगा में प्रवाहित
—महानगर कमेटी ने दी श्रद्धांजलि,पार्टी संगठन में योगदान को नमन किया गया
वाराणसी, 26 जून (हि.स.)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव एवं कर्नाटक सरकार में दर्जा प्राप्त कैबिनेट मंत्री रहे सूरज हेगड़े के निधन के बाद स्थानीय कांग्रेस परिवार में भी शोक का माहौल है। उनके निधन को पार्टी संगठन ने अपूरणीय क्षति माना है।
शुक्रवार को सूरज हेगड़े का अस्थि कलश लेकर उनके परिजन वाराणसी पहुंचे, जहां सनातन परंपरा के अनुसार वैदिक मंत्रोंच्चारण और धार्मिक विधि-विधान के बीच मां गंगा की पावन गोद में उनका अस्थि विसर्जन किया गया। अस्थि विसर्जन के दौरान उपस्थित कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं ने सूरज हेगड़े को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए मां गंगा से प्रार्थना किया। इस दौरान महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे भी दिवंगत मंत्री के परिजनों के साथ मौजूद रहे। उन्होंने अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सचिव सूरज हेगड़े का निधन केवल कांग्रेस पार्टी ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय राजनीति के लिए भी एक बड़ी क्षति है। सूरज हेगड़े कांग्रेस के समर्पित, कर्मठ और दूरदर्शी नेता थे। उन्होंने एक साधारण कार्यकर्ता के रूप में अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की और अपनी मेहनत, संगठन के प्रति निष्ठा तथा नेतृत्व क्षमता के बल पर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचे। उन्होंने भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी सहित संगठन के अनेक महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया और शीर्ष नेतृत्व के विश्वासपात्र नेताओं में शामिल रहे। हेगड़े पार्टी के नेता राहुल गांधी के भी वे बेहद करीबी सहयोगियों में गिने जाते थे। अस्थि विर्सजन के दौरान वाराणसी महानगर अध्यक्ष युवा कांग्रेस चंचल शर्मा, रोहित दुबे, किशन यादव, विनीत चौबे, परवेज ख़ान , अनुभव राय, रामजी गुप्ता आदि भी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी