कांग्रेस के नये राष्ट्रीय सचिव वरूण चौधरी ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में लगाई हाजिरी

 


—संत शिरोमणि गुरु रविदास के मंदिर के चौखट पर टेका मत्था

वाराणसी, 23 अगस्त (हि.स.)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त राष्ट्रीय सचिव एवं प्रयागराज जोन के प्रभारी वरुण चौधरी रविवार को अपने दो दिवसीय संगठनात्मक दौरे पर वाराणसी पहुंचे। बाबतपुर एयरपोर्ट पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

एयरपोर्ट से शहर में आने के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने अतुलानंद स्कूल गिलट बाजार, लहुराबीर चौराहा, मैदागिन चौराहे पर उनका स्वागत किया। शहर में आने के बाद वरुण चौधरी ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर ,बाबा काल भैरव पहुंचकर विधिवत दर्शन-पूजन किया। इसके बाद उन्होंने संत शिरोमणि गुरु रविदास की जन्मस्थली सीरगोवर्धनपुर पहुंच कर दर्शन-पूजन किया। उन्होंने लंका गेट स्थित बीएचयू मुख्य द्वार पर छात्रों से मुलाक़ात कर संवाद किया।

—प्रयागराज जोन के विभिन्न जिलों में की संगठनात्मक बैठकें

वरुण चौधरी ने मीडिया कर्मियों को बताया कि संगठनात्मक दौरे के तहत रविवार को ही प्रयागराज जोन के अंतर्गत आने वाले विभिन्न जिलों के पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ क्रमवार संगठनात्मक बैठकें संपन्न हुईं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मिर्जापुर, जौनपुर, सोनभद्र, गाजीपुर, चंदौली, भदोही एवं वाराणसी से संबंधित कांग्रेसजनों के साथ अलग-अलग बैठकें हुईं।

बैठकों में संबंधित जिलों के पूर्व सांसद एवं पूर्व विधायक, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्वतमान एवं पूर्व पदाधिकारी, वर्तमान एवं पूर्व जिला/शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पदाधिकारी, फ्रंटल संगठनों के अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि तथा वरिष्ठ कांग्रेसजन शामिल हुए। बैठकों में संगठन की वर्तमान स्थिति, कार्यकर्ताओं की सक्रियता, बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने आदि गतिविधियों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। वरुण चौधरी ने बताया कि संगठन की मजबूती कांग्रेस की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की समस्याएं, सुझाव और जमीनी अनुभव संगठन के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। इन सभी सुझावों को संगठन की आगामी रणनीति में उचित स्थान दिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी