‘काशी न्याय यात्रा’ को लेकर महानगर कांग्रेस कमेटी की बैठक, शनिवार से धूपचंडी वार्ड से होगी शुरूआत
——‘वोट चोर गद्दी छोड़’, ‘चढ़ावा चोर गद्दी छोड़’ के मुद्दों को लेकर काशी के सभी 100 वार्डों में पहुंचेगी कांग्रेस,द्वितीय चरण में हर शनिवार हनुमान चालीसा पाठ
वाराणसी,27 नवम्बर (हि.स.)। कांग्रेस की ‘काशी न्याय यात्रा’ को लेकर शुक्रवार को मैदागिन स्थित पार्टी कार्यालय राजीव भवन में महानगर इकाई के कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। बैठक में शहर की विभिन्न जनसमस्याओं, लोकतांत्रिक व्यवस्था, वोट चोरी के मुद्दे, मंदिरों में चढ़ावे की व्यवस्था में पारदर्शिता तथा जनपद के समग्र विकास से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि महानगर इकाई द्वारा प्रस्तावित ‘काशी न्याय यात्रा’ का शुभारंभ 28 नवंबर शनिवार को धूपचंडी वार्ड से माँ धूमावती देवी जी का दर्शन पूजन कर प्रारम्भ किया जाएगा किया जाएगा। इस यात्रा के माध्यम से कांग्रेसजन वाराणसी के सभी 100 वार्डों में पदयात्रा कर आम नागरिकों से संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं को जानकर उन्हें प्रमुखता से उठाएंगे।इस न्याय यात्रा में कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेतागण, सभी फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, महानगर एवं जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, पार्षदगण, जनप्रतिनिधि, पूर्व एवं चुनाव लड़ चुके प्रत्याशी, विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, नेता एवं बड़ी संख्या में कांग्रेसजन अपनी सहभागिता दर्ज कराएंगे। महानगर कांग्रेस कमेटी ने सभी कांग्रेसजनों से इस जनअभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया है।
यात्रा के प्रमुख मुद्दों में ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ और ‘चढ़ावा चोर गद्दी छोड़’ शामिल रहेंगे। इसके साथ ही चढ़ावा चोरी के आरोपों और राम मंदिर में चढ़ावे की व्यवस्था को लेकर पारदर्शिता एवं निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर आंदोलन के दूसरे चरण की भी शुरुआत की जाएगी। इसके तहत प्रत्येक शनिवार को हनुमान चालीसा का पाठ करने के बाद पदयात्रा निकाली जाएगी और इस विषय पर जनता की आवाज बुलंद की जाएगी। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने बताया कि काशी न्याय यात्रा केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि बनारस की मूलभूत समस्याओं और आम नागरिकों के अधिकारों को लेकर जनसंवाद का अभियान है। वर्ष 1989 के बाद से लगातार नगर निगम में भारतीय जनता पार्टी का शासन रहा है। इसके अतिरिक्त शहर का प्रतिनिधित्व सांसद, विधायक, मंत्री और एमएलसी जैसे जनप्रतिनिधियों के माध्यम से भी भाजपा के पास रहा है। इसके बावजूद आज बनारस के नागरिक पेयजल, सीवर, जलनिकासी, सड़क, सफाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का सामना कर रहे हैं। बैठक में डॉ राजेश गुप्ता, सतनाम सिंह,अरुण सोनी,प्रवीण प्रकाश, मयंक चौबे,संतोष चौरसिया, वसीम अंसारी,अब्दुल हमीद डोडे,प्रमोद वर्मा,पीयूष श्रीवास्तव,नरसिंह दास,मनोज वर्मा मनू,लालजी यादव,मनोज यादव,आसिष केशरी,पुलक त्रिपाठी, दीप विश्वकर्मा, अनिल केशरी आदि की उपस्थिति रही।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी