बनारस के 100 वार्डों के हर बूथ पर कांग्रेस बनाएगी “बूथ प्रहरी”
—विधानसभा चुनाव के पूर्व पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाने पर जोर
वाराणसी, 08 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 के पहले कांग्रेस ने धार्मिक नगरी वाराणसी शहर के सभी 100 वार्डो में जमीनी स्तर को मजबूत बनाने के साथ बूथ प्रहरी बनाने का निर्णय लिया है। बुधवार शाम पार्टी के मैदागिन स्थित महानगर कार्यालय में मैराथन संगठनात्मक बैठक हुई। बैठक में पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक अधिक मजबूत, सक्रिय एवं जनसरोकारों से जोड़ने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने की। बैठक में महानगर कांग्रेस के पदाधिकारियों,विधानसभा प्रभारियों ने भाग लिया और संगठन विस्तार के लिए व्यापक रणनीति पर विचार-विमर्श किया।
बैठक की शुरुआत कांग्रेस की गौरवशाली परंपरा, संविधान की रक्षा तथा जनहित के मुद्दों पर संघर्ष के संकल्प के साथ हुई। इसके बाद महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने संगठन की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि कांग्रेस का संगठन केवल शहर या वार्ड स्तर के साथ बल्कि प्रत्येक बूथ तक उसकी सक्रिय उपस्थिति दिखाई दे। इसी उद्देश्य को लेकर महानगर कांग्रेस कमेटी ने वाराणसी महानगर के 100 वार्डों के प्रत्येक बूथ पर “बूथ प्रहरी” नियुक्त करने का निर्णय लिया है। बूथ किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था की सबसे छोटी लेकिन सबसे महत्वपूर्ण इकाई होती है। यदि बूथ मजबूत होगा तो संगठन मजबूत होगा और जब संगठन मजबूत होगा, तब जनता की आवाज भी पहले से अधिक मजबूती के साथ उठाई जा सकेगी। कांग्रेस पार्टी का पूरा ध्यान अब बूथ आधारित संगठन निर्माण पर रहेगा, जिससे प्रत्येक मोहल्ले, गली और बस्ती में पार्टी की सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित हो सके। चौबे ने कहा कि बूथ प्रहरी केवल नाम मात्र के पदाधिकारी नहीं होंगे, बल्कि वे कांग्रेस संगठन की रीढ़ बनेंगे। प्रत्येक बूथ प्रहरी अपने क्षेत्र में जनता और कांग्रेस के बीच एक मजबूत कड़ी का कार्य करेगा। वह स्थानीय नागरिकों से नियमित संपर्क बनाए रखेगा, उनकी समस्याओं को सुनेगा, उन्हें संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाएगा तथा संगठन को क्षेत्र की वास्तविक परिस्थितियों से लगातार अवगत कराएगा। इसके साथ ही वह कांग्रेस पार्टी की नीतियों, विचारधारा और जनहित के कार्यक्रमों को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य करेगा।बूथ प्रहरियों की नियुक्ति पूरी तरह योग्यता, सक्रियता, जनसंपर्क क्षमता और संगठन के प्रति समर्पण को ध्यान में रखकर की जाएगी। प्रत्येक बूथ पर ऐसे कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी जाएगी जो वर्षभर जनता के बीच सक्रिय रहते हों और कांग्रेस की विचारधारा को मजबूती के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प रखते हों।कांग्रेस पार्टी केवल चुनाव के समय जनता के बीच जाने वाली पार्टी नहीं है। कांग्रेस का इतिहास जनता के संघर्षों, सामाजिक न्याय, संविधान की रक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का रहा है। यही कारण है कि बूथ प्रहरी अभियान को केवल चुनावी तैयारी के रूप में नहीं, बल्कि एक स्थायी संगठनात्मक अभियान के रूप में चलाया जाएगा।
आने वाले दिनों में महानगर कांग्रेस कमेटी द्वारा वार्डवार संगठनात्मक बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में बूथ प्रहरियों की नियुक्ति, प्रशिक्षण और कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया जाएगा। प्रत्येक बूथ प्रहरी को संगठनात्मक प्रशिक्षण दिया जाएगा ताकि वह पार्टी के कार्यक्रमों, जनसंपर्क अभियानों, सदस्यता अभियान, जन आंदोलनों तथा चुनावी तैयारियों में प्रभावी भूमिका निभा सके। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि बूथ स्तर पर कार्यों की नियमित समीक्षा होगी। प्रत्येक बूथ की गतिविधियों का समय-समय पर मूल्यांकन किया जाएगा तथा सक्रिय कार्यकर्ताओं को संगठन में आगे बढ़ने का अवसर भी दिया जाएगा। बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में संकल्प लिया कि महानगर कांग्रेस कमेटी द्वारा चलाए जा रहे “बूथ प्रहरी अभियान” को वाराणसी महानगर के प्रत्येक वार्ड एवं प्रत्येक बूथ तक सफलतापूर्वक पहुंचाया जाएगा। बैठक में डॉ राजेश गुप्ता, सतनाम सिंह, अरुण सोनी, वकील अंसारी, संतोष चौरसिया, अखिलेश पाण्डेय, रविशंकर श्रीवास्तव, सुनील तिवारी, रोहित मौर्य, संतोष गुप्ता, चंद्रिका मौर्य, उमानाथ पटेल आदि की मौजूदगी रही।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी