एक-दो महीने में पूरी होंगी काशी की लंबित विकास परियोजनाएं : मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन
- देव दीपावली पर बढ़ेगी दीपों की संख्या, लेजर और ड्रोन शो होंगे आकर्षण का केंद्र
वाराणसी, 18 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी काशी की लंबित विकास परियोजनाओं को अगले एक-दो महीने में पूरा कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इनमें राजातालाब के गंजारी में निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, रोपवे, एयरपोर्ट विस्तार और रिंग रोड सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं। इनके लोकार्पण की तिथियां भी जल्द घोषित की जाएंगी। यह जानकारी वाराणसी जोन के नवागत मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन ने बुधवार को कार्यभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से बातचीत में दी।
मंडलायुक्त ने कहा कि काशी पूर्वांचल की राजधानी के रूप में तेजी से उभर रही है। यहां प्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ ही आसपास के राज्यों और देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, पर्यटक और अन्य लोग आते हैं। ऐसे में शहर की बुनियादी सुविधाओं और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था, गंगा घाटों की स्वच्छता, यातायात, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी आवश्यक सुविधाओं को और सुदृढ़ किया जाएगा, ताकि काशी आने वाले लोगों को किसी तरह की असुविधा न हो।
देव दीपावली पर दिखेगा भव्यता का नया स्वरूप
मंडलायुक्त ने कहा कि इस बार देव दीपावली को पहले से अधिक भव्य और आकर्षक बनाने की तैयारी की जा रही है। गंगा घाटों पर दीपों की संख्या बढ़ाई जाएगी। इसके साथ ही लेजर शो और ड्रोन शो आयोजन के प्रमुख आकर्षण होंगे। देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पार्किंग, यातायात प्रबंधन और साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था की जाएगी।उन्होंने बताया कि देव दीपावली के अवसर पर भारत सरकार के एक बड़े वीआईपी सहित प्रदेश सरकार के कई वरिष्ठ अतिथियों के आने की संभावना है। हालांकि, अतिथियों की औपचारिक सूची अभी अंतिम रूप से तय की जा रही है।
तिरुक्कुरल पर आधारित होगी काशी तमिल संगमम की मुख्य थीम
मंडलायुक्त ने बताया कि काशी में 28 नवंबर से 12 दिसंबर तक काशी तमिल संगमम के पांचवें संस्करण का आयोजन किया जाएगा। इस बार आयोजन की मुख्य थीम तमिल के प्राचीन और महत्वपूर्ण ग्रंथ 'तिरुक्कुरल' पर आधारित होगी। उन्होंने कहा कि लगभग दो हजार वर्ष पुराने इस ग्रंथ की विचारधारा, साहित्यिक विरासत और सांस्कृतिक महत्व को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत करने का प्रयास किया जाएगा। पिछले चार संस्करणों की तुलना में इस बार आयोजन में नए प्रयोग और नवाचार भी देखने को मिलेंगे।
मंडलायुक्त ने कहा कि काशी की सांस्कृतिक, धार्मिक और विकासात्मक पहचान को और मजबूत करने के लिए प्रशासन निरंतर प्रयासरत है। विकास परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने के साथ ही प्रमुख आयोजनों में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी