(अपडेट) बाबा विश्वनाथ व मां गंगा ने प्रधानमंत्री मोदी को दिया गरीबों की पीड़ा समाप्त करने का सामर्थ्यः मुख्यमंत्री योगी
—केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर प्रधानमंत्री के निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी पहुंचे मुख्यमंत्री, काशीवासियों को दी बधाई
वाराणसी,12 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब कोई महान व्यक्तित्व नेतृत्व करता है तो वह देश असुरक्षा, भ्रष्टाचार से मुक्त होकर महान बनता है। देश का नेतृत्व करने वाले महान व्यक्तित्व काशी के सांसद नरेंद्र मोदी हैं। प्रधानमत्री ने गरीबी देखी है, इसलिए बाबा विश्वनाथ व मां गंगा ने उन्हें गरीब की पीड़ा समाप्त करने की सामर्थ्य दी है। मुख्यमंत्री ने केन्द्र के जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि 2014 के बाद सपने हकीकत में बदल रहे हैं। जब संवेदनशील व्यक्तित्व नेतृत्व करता है तो संवेदना दिखती है। मुख्यमंत्री ने बाबा विश्वनाथ व मां गंगा से प्रार्थना की कि प्रधानमंत्री मोदी का नेतृत्व लंबे समय तक देश को मिलता रहे। मुख्यमंत्री केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने और निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबे समय तक जनसेवा करने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र स्थित गिरिजा देवी सांस्कृतिक संकुल चौकाघाट में शुक्रवार शाम आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा विश्वनाथ धाम का हर व्यक्ति अभिभूत व गौरवान्वित है, क्योंकि 12 वर्ष पहले नए भारत को नेतृत्व देने के लिए काशी ने सांसद के रूप में मोदी का चुनाव किया। मुख्यमंत्री ने 2014 के पहले की दुर्दशा का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि हमने मोदी के नेतृत्व में बदलते भारत को देखा है। 2014 के पहले की अव्यवस्था व भ्रष्टाचार ने वैश्विक मंच पर भारत की छवि को धूमिल कर दिया था। चारों ओर अविश्वास, आंतरिक-वाह्य सुरक्षा पर खतरा, हर तबके में निराशा व हताशा थी। पिछली सरकारों की गलत नीतियों ने उद्यमियों को श्रमिक बना दिया। श्रमिक पलायन, किसान आत्महत्या करने को मजबूर था। नौजवान के लिए नौकरी, रोजगार व दिशा भी नहीं थी। महिलाएं असुरक्षित थीं। हर योजना लागू होने से पहले ही भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाती थी। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले देश के 120 जनपद नक्सलवाद के शिकार थे। जब हम सीमा पर घुसपैठ का मुद्दा उठाते थे तो संसद में तत्कालीन सरकार कहती थी कि इस पर अधिक वक्तव्य नहीं देना चाहिए क्योंकि रिश्ते खराब हो जाएंगे। हमारे सैनिकों के साथ क्रूरता होती थी, लेकिन तत्कालीन सरकार मौन रहती थी।
—2014 के बाद हर योजना गरीब, महिला, नौजवान व किसानों को समर्पित
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 के बाद हर योजना गरीब, महिलाओं, नौजवानों व किसानों के लिए समर्पित है। किसान, कारीगर, हस्तशिल्पी, स्ट्रीट वेंडर्स, नवजात शिशु, अध्ययनरत युवा स्नातक, महिला-पुरुष, बुजुर्ग-नौजवान समेत हर तबके के लिए योजना बनाने और उनके उत्थान को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने के लिए मोदी सरकार की प्रतिबद्धता स्पष्ट दिखती है।
—सपा व कांग्रेस के मुंह पर तमाचा
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनधन योजना के तहत हर गरीब का बैंक में खाता खुला। उस समय कांग्रेस व सपा हंसकर कहती थीं कि बेवकूफ बना दिया, लेकिन जब मोदी ने सरकारी सहायता में कट/कमीशन रोकने के लिए डीबीटी का इस्तेमाल शुरू किया तो यह सपा व कांग्रेस के मुंह पर तमाचा था। एक लाचार पीएम कहते थे कि 100 रुपये भेजता हूं और नीचे केवल 15 रुपये पहुंचते हैं। एक प्रधानमंत्री मोदी हैं, वह कहते हैं कि 100 रुपये भेजता हूं तो सीधे गरीब के खाते में जाते हैं।
सीएम ने स्वच्छ भारत मिशन से आए परिवर्तन का जिक्र किया, कहा कि बच्चों की असमय होने वाली मौत तत्कालीन सरकारों को विचलित नहीं करती थी, लेकिन इस मिशन ने बच्चों की मौत पर विराम लगाया और नारी गरिमा की रक्षा की। सीएम ने इंफ्रास्ट्रक्चर की तारीफ करते हुए कहा कि फोरलेन की कनेक्टिविटी से जाम की समस्या का समाधान हुआ। फ्लाईओवर, ओवरब्रिज आदि का कार्य फटाफट हुआ। जो काम 70 वर्ष में नहीं हुए, मोदी ने 12 वर्ष में काशी, प्रदेश व देश में वह करके दिखा दिया।
—रोपवे के माध्यम से पब्लिक ट्रांसपोर्ट का नया मॉडल दे रहा काशी
सीएम ने कहा कि काशी रोपवे के माध्यम से पब्लिक ट्रांसपोर्ट का नया मॉडल दे रहा है। जिसे किसी ने नहीं पूछा, उसे आज सब पूज रहे हैं। पहले स्ट्रीट वेंडर्स की दुर्गति किसी से छिपी नहीं थी। लेकिन आज पीएम स्वनिधि योजना में वाराणसी में 60 हजार वेंडर्स को प्रथम, 26,800 को द्वितीय व 5 हजार वेंडर्स को तृतीय किस्त भी मिल गई। नगर निगम, औद्योगिक व सामाजिक संगठन नए वेंडिंग जोन बनाकर उनके व्यवसाय को बढ़ाने में योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी का विजन दूरदर्शी है। टीम उसे लागू कर रही है। काशी विश्वनाथ धाम, नमो घाट भव्य बन गए। संकरी गलियों के लिए जाने जाने वाले काशी की कनेक्टिविटी फोरलेन की हो गई। काशी व प्रदेश को नई पहचान मिल रही है।
सीएम योगी ने कहा कि वंदे भारत, अमृत भारत, नमो भारत के नाम पर ट्रेन की अत्याधुनिक सुविधा मिल रही है। ऊर्जा का वैश्विक संकट छाया हुआ है। अमेरिका में महंगाई लगभग चार गुना बढ़ी है। अन्य देशों की हालत भी खराब है, लेकिन प्रधानमंत्री के कारण वैश्विक ऊर्जा संकट में भी भारत नागरिकों के उत्थान की ओर अग्रसर है। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के मंत्री रविंद्र जायसवाल, दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, महापौर अशोक तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, डॉ. नीलकंठ तिवारी, त्रिभुवन राम, डॉ. अवधेश सिंह, डॉ. सुनील पटेल, विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल, जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरी आदि भी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी