योगी आदित्यनाथ और रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव शनिवार को वाराणसी में, स्लीपर वंदेभारत को दिखाएंगे हरी झंडी

 


—वीवीआईपी दौरे को लेकर यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव, 20 प्रमुख मार्गों पर तीन घंटे पहले से ऑटो, ई-रिक्शा और भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक

वाराणसी, 30 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव शनिवार को वाराणसी दौरे पर रहेंगे। दोनों नेता बनारस रेलवे स्टेशन से वाराणसी-नई दिल्ली के बीच चलने वाली देश की दूसरी और उत्तर प्रदेश की पहली स्लीपर वंदेभारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस ट्रेन का पहले दिन संचालन बनारस रेलवे स्टेशन से होगा। इसके बाद नियमित परिचालन वाराणसी जंक्शन से किया जाएगा।

गौरतलब है कि देश की पहली वंदेभारत एक्सप्रेस का संचालन भी वाराणसी से ही शुरू हुआ था। वर्तमान में वाराणसी और नई दिल्ली के बीच दो वंदेभारत ट्रेनें संचालित हो रही हैं। नई स्लीपर वंदेभारत एक्सप्रेस के वाराणसी-दिल्ली मार्ग पर चार स्टेशनों पर ठहराव निर्धारित किया गया है।

——वीवीआईपी दौरे को लेकर यातायात पुलिस अलर्ट

मुख्यमंत्री और रेलमंत्री के आगमन को देखते हुए वाराणसी कमिश्नरेट की यातायात पुलिस ने शुक्रवार को यातायात प्रतिबंध और रूट डायवर्जन की विस्तृत एडवाइजरी जारी की है। निर्धारित व्यवस्था के अनुसार वीवीआईपी आगमन से तीन घंटे पहले से लेकर कार्यक्रम समाप्त होने तक प्रतिबंध लागू रहेंगे। इस दौरान शहर के करीब 20 प्रमुख मार्गों पर ऑटो, ई-रिक्शा, भारी वाहनों और अन्य वाहनों की आवाजाही नियंत्रित रहेगी।

——इन प्रमुख मार्गों पर ऑटो और ई-रिक्शा प्रतिबंधित

यातायात पुलिस के अनुसार कचहरी से पुलिस लाइन होते हुए चौकाघाट तक ऑटो और ई-रिक्शा का संचालन प्रतिबंधित रहेगा। इसी तरह लकड़ीमंडी, चौकाघाट, लहुराबीर, मैदागिन से विश्वेश्वरगंज तक भी ऑटो और ई-रिक्शा नहीं चल सकेंगे। अंबेडकर चौराहा, जेपी मेहता, सर्किट हाउस, भोजूबीर, यूपी कॉलेज और गिलट बाजार क्षेत्र में भी ऑटो व ई-रिक्शा के संचालन पर रोक रहेगी। कैंट रेलवे स्टेशन से बीएचयू जाने वाले ऑटो, जो लहरतारा और भिखारीपुर मार्ग का इस्तेमाल करते हैं, उन्हें सिगरा-रथयात्रा मार्ग से भेजा जाएगा।

——भारी वाहनों और बसों के लिए बदले गए रास्ते

राजघाट पुल और सूजाबाद की तरफ से मालवाहक वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। बाबतपुर पुलिस चौकी तिराहे से भारी वाहनों को बाबतपुर एयरपोर्ट और हरहुआ की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। ऐसे वाहनों को बड़ागांव की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। हरहुआ ओवरब्रिज से बाबतपुर की ओर आने वाली रोडवेज और निजी बसें ओवरब्रिज के ऊपर से नहीं गुजरेंगी। इन्हें हरहुआ रिंग रोड चौराहे की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।

जौनपुर, गाजीपुर और आजमगढ़ से आने वाली बसें हरहुआ रिंग रोड अंडरपास चौराहे तक ही आएंगी। यहां से उन्हें परमपुर की ओर मोड़कर थाना लोहता होते हुए चांदपुर चौराहे तक भेजा जाएगा। वहीं, प्रयागराज और मिर्जापुर से आने वाली बसें मुड़ैला तिराहे तक ही आएंगी और वहीं से वापस कर दी जाएंगी।

अखरी अंडरपास की ओर से आने वाली बसों को तिखरापुर तिराहे की तरफ जाने की अनुमति नहीं होगी। इन्हें मोहनसराय और डाफी की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

———शहर के प्रमुख चौराहों पर भी रहेगी पाबंदी

नरिया तिराहे से किसी भी वाहन को भिखारीपुर तिराहे की ओर नहीं जाने दिया जाएगा। वाहनों को करौंदी की तरफ मोड़कर चितईपुर के रास्ते भेजा जाएगा। भिखारीपुर तिराहे से वाहन मंडुवाडीह चौराहे की ओर नहीं जा सकेंगे। इन्हें सुंदरपुर-चांदपुर मार्ग की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।

लहरतारा चौराहे से मंडुवाडीह और कैंट स्टेशन की ओर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। वाहनों को इंग्लिशियालाइन की तरफ भेजा जाएगा। रथयात्रा चौराहे से महमूरगंज तिराहे की ओर जाने वाले वाहनों को सिगरा की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। आकाशवाणी तिराहे से भी महमूरगंज की ओर वाहनों के जाने पर रोक रहेगी।

महमूरगंज ओवरब्रिज से मंडुवाडीह चौराहे की ओर वाहनों को नहीं जाने दिया जाएगा। इन्हें महमूरगंज तिराहे की तरफ मोड़ा जाएगा। इसी तरह महमूरगंज तिराहे से रथयात्रा स्कूल और लहरतारा की ओर जाने वाले वाहनों को आकाशवाणी और ककरमत्ता ओवरब्रिज की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।

——मैदागिन-गोदौलिया मार्ग पूरी तरह प्रतिबंधित

जगतगंज से लहुराबीर और मैदागिन की ओर जाने वाले चार पहिया वाहनों, टेंपो ट्रैवलर और रोडवेज बसों को लकड़ीमंडी की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। ये वाहन गोलगड्डा के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। मैदागिन से गोदौलिया के बीच सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, विश्वेश्वरगंज तिराहे से चार पहिया वाहनों को मैदागिन की तरफ जाने की अनुमति नहीं होगी। ऐसे वाहनों को गोलगड्डा की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

——यातायात पुलिस की आमजन से अपील

वाराणसी कमिश्नरेट यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मुख्यमंत्री और रेलमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए निर्धारित डायवर्जन का पालन करें। शहर में निकलने से पहले वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। अति आवश्यक होने पर ही प्रतिबंधित क्षेत्रों की ओर जाएं और यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें, ताकि अनावश्यक जाम और परेशानी से बचा जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी