मुख्यमंत्री योगी ने काशी कोतवाल व बाबा विश्वनाथ के चरणों में टेका मत्था
कालभैरव मंदिर के बाहर बच्चों को दुलारा,बीएलडब्ल्यू का दौरा कर प्रधानमंत्री के संभावित कार्यक्रम की तैयारियों को परखा
वाराणसी, 21 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर मंगलवार शाम को वाराणसी पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संभावित वाराणसी दौरे के दृष्टिगत सर्किट हाउस में प्रशासनिक एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के पश्चात मुख्यमंत्री ने 'काशी कोतवाल' बाबा कालभैरव एवं श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विधिवत दर्शन पूजन किया।
काल भैरव मंदिर से दर्शन कर निकलते समय माला-फूल बेचने वाले की दुकान पर बैठी दुकानदार की छोटी बिटिया को देख मुख्यमंत्री ने उसे दुलारते हुए पुचकारा। उसकी बड़ी बहन भी मुख्यमंत्री के सामने आ गई। उन्होंने उसे भी दुलारा-पुचकारा और स्कूल जाने के बाबत जानकारी ली और खूब पढ़ाई करने का आशीर्वाद दिया। इस दौरान उन्होंने बच्ची के परिजनों से भी वार्तालाप किया।
—बीएलडब्ल्यू का भी किया निरीक्षण
दर्शन पूजन के बाद मुख्यमंत्री ने बीएलडब्ल्यू का दौरा कर प्रधानमंत्री के संभावित कार्यक्रम की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशानिर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के साथ श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, स्टाम्प राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, महापौर अशोक तिवारी, विधान परिषद सदस्य हंसराज विश्वकर्मा, धर्मेंद्र सिंह, अश्वनी त्यागी, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, डॉ. अवधेश सिंह, भाजपा के महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि आदि भी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी