सड़क के निर्माण कार्य में समय एवं गुणवत्ता पर अभियंता दें विशेष ध्यान : योगी आदित्यनाथ
——मुख्यमंत्री ने वाराणसी में की पीडब्ल्यूडी परियोजनाओं की समीक्षा,चंदौली इंटीग्रेटेड कोर्ट कॉम्प्लेक्स के कार्यों की ली जानकारी
वाराणसी, 12 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर शुक्रवार को वाराणसी पहुंचे। उन्होंने सर्किट हाउस सभागार में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों और अभियंताओं के साथ समीक्षा बैठक कर मंडल में संचालित विकास परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से बरसात से पूर्व पूर्ण होने वाली परियोजनाओं को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से पूरे किए जाएं। साथ ही नए प्रस्तावित कार्यों की भी विस्तार से समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि वाराणसी परिक्षेत्र में 7,175 करोड़ रुपये की लागत वाली 2,630 परियोजनाएं संचालित हैं। इनमें 687 कार्य पूर्ण हो चुके हैं, जबकि 542 परियोजनाएं 90 प्रतिशत से अधिक पूरी हो चुकी हैं। वाराणसी जिले में 3,223 करोड़ रुपये की लागत से 421 कार्य प्रगति पर हैं, जिनमें 85 पूर्ण हो चुके हैं तथा 158 परियोजनाएं 90 प्रतिशत तक पूरी हो चुकी हैं।
मुख्यमंत्री ने वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश देते हुए कहा कि योजनाओं के अनुमोदन के साथ ही धनराशि स्वीकृति और टेंडर प्रक्रिया भी पूरी होनी चाहिए, ताकि कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने मंडलायुक्त और जिलाधिकारियों को नियमित समीक्षा बैठकें आयोजित कर परियोजनाओं की प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
योगी आदित्यनाथ ने सड़क मरम्मत कार्य शुरू करने से पहले सर्वेक्षण कराने पर बल देते हुए कहा कि नगर निगम शहरी क्षेत्रों की सड़कों की मरम्मत सुनिश्चित करें। उन्होंने जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों को प्राथमिकता से शामिल करने तथा सभी आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता के बाद ही कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने चंदौली में निर्माणाधीन इंटीग्रेटेड कोर्ट कॉम्प्लेक्स की प्रगति की जानकारी भी ली। अधिकारियों ने बताया कि परियोजना का लगभग 18 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। मुख्यमंत्री ने गुणवत्ता से कोई समझौता न करते हुए परियोजना को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने वाराणसी में निर्माणाधीन यूनिटी मॉल परियोजना में तेजी लाने को भी कहा।
इससे पूर्व प्रमुख सचिव, लोक निर्माण विभाग अजय चौहान ने प्रस्तुतीकरण (पीपीटी) के माध्यम से वाराणसी परिक्षेत्र में विभाग द्वारा कराए जा रहे कार्यों का विस्तृत ब्यौरा मुख्यमंत्री के समक्ष रखा।
—बैठक में ये रहे उपस्थित
समीक्षा बैठक में पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर, स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल, आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी,पूर्व मंत्री एवं वाराणसी शहर दक्षिणी विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी, कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव, पिंडरा विधायक डॉ अवधेश सिंह सहित पूर्वांचल के जिलों के विधायक एवं जनप्रतिनिधि, वाराणसी परिक्षेत्र के मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी