मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नमो घाट पर एयर शो की तैयारियों का लिया जायजा

 


वाराणसी, 24 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय वायुसेना के एयर शो के समापन समारोह में रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित मौजूदगी को देख शनिवार की शाम शहर में आए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नमो घाट का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एयर शो की तैयारियों का जायजा लेते हुए मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने एयर शो के आयोजन से संबंधित व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा आमजन की सुविधाओं को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि वाराणसी में भारतीय वायुसेना के एयर शो को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। गंगा के घाटों के ऊपर राफेल और सुखोई जैसे लड़ाकू विमानों के प्रदर्शन ने काशीवासियों में रोमांच पैदा किया है। नमो घाट से अस्सी घाट तक गंगा के आसमान में वायुसेना के शौर्य का प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

——मुख्यमंत्री योगी ने काशी कोतवाल और बाबा विश्वनाथ का किया दर्शन-पूजन

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार देर शाम वाराणसी दौरे के दौरान काशी के कोतवाल बाबा काल भैरव और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले काशी के कोतवाल बाबा काल भैरव के दरबार पहुंचे। यहां उन्होंने विधि-विधान से दर्शन-पूजन कर आरती की। इसके बाद श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे और गर्भगृह में जाकर जलाभिषेक किया और षोडशोपचार पूजन कर लोक कल्य़ाण की कामना की।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी