मुख्यमंत्री योगी के वाराणसी आगमन पर यातायात में बदलाव, 15 स्थानों पर रोक

 


——रूट डायवर्जन लागू, यातायात पुलिस ने जारी की एडवाइजरी,जरूरी काम होने पर ही वाहन लेकर निकलने की अपील

वाराणसी, 06 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के वाराणसी आगमन, भ्रमण और प्रस्थान को देखते हुए कमिश्नरेट की यातायात पुलिस ने मंगलवार शाम यातायात एडवाइजरी जारी की। वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंध और रूट डायवर्जन लागू रहेगा।

यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि कार्यक्रम के दौरान निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। बहुत जरूरी होने पर ही निजी वाहन लेकर निकलें और अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त समय लेकर चलें।

—हरहुआ से आने-जाने वाले वाहनों के लिए बदलाव

पूर्वाह्न 11 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक हरहुआ ओवरब्रिज के शुरुआती छोर पर बाबतपुर की ओर से आने वाली सभी रोडवेज और निजी बसों को ओवरब्रिज से आगे नहीं जाने दिया जाएगा। इन बसों को हरहुआ रिंग रोड चौराहा से परमपुर की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

इसी तरह जौनपुर, गाजीपुर और आजमगढ़ की ओर से आने वाली बसों को पूर्वाह्न 11 बजे से हरहुआ रिंग रोड अंडरपास चौराहा तक ही आने दिया जाएगा। यहां से बसों को परमपुर की ओर मोड़ दिया जाएगा। ये वाहन थाना लोहता होते हुए चांदपुर चौराहा पहुंचेंगे और चांदपुर चौराहे से वापस कर दिए जाएंगे।

—मोहनसराय, चांदपुर और अखरी मार्ग पर भी डायवर्जन

मोहनसराय अंडरपास की ओर से आने वाले चार पहिया और बड़े वाहनों को सुबह 11 बजे से जगतपुर डिग्री कॉलेज की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। इन वाहनों को अखरी और रखौना की ओर डायवर्ट किया जाएगा। चांदपुर चौराहे से भी जरूरत के अनुसार चार पहिया और बड़े वाहनों को जगतपुर डिग्री कॉलेज की ओर जाने से रोका जाएगा। इन वाहनों को लोहता और परमपुर की ओर भेजा जाएगा।

अमरा-अखरी अंडरपास की ओर से आने वाली सभी बसों को पूर्वाह्न 11 बजे से शहर में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। इन बसों को डाफी की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

——ऑटो और ई-रिक्शा के संचालन पर भी रोक

यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए जरूरत के अनुसार कई मार्गों पर ऑटो और ई-रिक्शा का संचालन भी बंद रहेगा। पुलिस लाइन से चौकाघाट चौराहा, तेलियाबाग तिराहा, मलदहिया होते हुए सिगरा तक ऑटो और ई-रिक्शा का आवागमन रोका जा सकता है।

इसी तरह भिखारीपुर से लहरतारा चौराहा और चांदपुर चौराहा तक भी जरूरत के अनुसार ऑटो और ई-रिक्शा का संचालन बंद रहेगा। शाम चार बजे से लकड़ीमंडी, चौकाघाट से लहुराबीर तथा मैदागिन से विश्वेश्वरगंज तक ऑटो और ई-रिक्शा के आवागमन पर रोक रहेगी।

——मैदागिन-गोदौलिया मार्ग पर वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान पूर्ण रोक

मैदागिन चौराहा से गोदौलिया चौराहा के बीच अति विशिष्ट व्यक्तियों के आगमन और प्रस्थान के समय सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा।

वहीं, शाम चार बजे से राजघाट पुल और सूजाबाद की ओर से आने वाले सभी मालवाहक वाहनों का संचालन बंद रहेगा। विश्वेश्वरगंज तिराहा से भी शाम चार बजे से चार पहिया वाहनों को मैदागिन की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। इन वाहनों को गोलगड्डा की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

—कैंट और सर्किट हाउस क्षेत्र में भी प्रतिबंध

अंबेडकर चौराहा, जेपी मेहता तिराहा, सर्किट हाउस, भोजूबीर, यूपी कॉलेज और गिलट बाजार तिराहा तक ऑटो और ई-रिक्शा का आवागमन बंद रहेगा।

सिगरा चौराहा और रथयात्रा चौराहा से साजन तिराहा की ओर आने वाले सभी वाहनों को अति विशिष्ट व्यक्तियों के आगमन और प्रस्थान के दौरान आकाशवाणी तिराहा की ओर मोड़ा जाएगा। यहां से वाहन महमूरगंज तिराहा होते हुए अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे।

——मंडुवाडीह और आकाशवाणी तिराहा पर भी रूट डायवर्जन

मंडुवाडीह चौराहा से महमूरगंज की ओर आने वाले सभी वाहनों को वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान ककरमत्ता की ओर डायवर्ट किया जाएगा। ये वाहन भिखारीपुर तिराहा होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। वहीं, आकाशवाणी तिराहा से सिगरा चौराहा की ओर आने वाले वाहनों को रथयात्रा चौराहा की ओर भेजा जाएगा।

——यातायात पुलिस ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर

यातायात पुलिस ने नागरिकों की सहायता के लिए यातायात कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। किसी भी तरह की यातायात संबंधी जानकारी या सहायता के लिए नागरिक इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।

यातायात कंट्रोल रूम : 7839856994

यातायात हेल्पलाइन : 7317202020

यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वीवीआईपी कार्यक्रम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से वाहन लेकर न निकलें और निर्धारित डायवर्जन मार्गों का पालन करते हुए पुलिस का सहयोग करें।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी