मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वाराणसी पहुंचे, बाढ़ प्रभावित इलाकों का किया हवाई सर्वेक्षण
वाराणसी, 05 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार शाम वाराणसी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने यहां गंगा और वरुणा नदी में आई बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने सलारपुर स्थित विद्या विहार इंटर कॉलेज में बनाए गए राहत शिविर का निरीक्षण किया और वहां रह रहे बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात कर उनका हाल जाना।
मुख्यमंत्री ने राहत शिविर में रह रहे बाढ़ पीड़ितों से बातचीत कर शिविर में उपलब्ध व्यवस्थाओं के बारे में फीडबैक लिया। उन्होंने पीड़ितों को राहत किट भी वितरित की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने तथा प्रभावित परिवारों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
वाराणसी प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कालभैरव मंदिर और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन भी करेंगे। दोनों मंदिरों में दर्शन-पूजन के बाद वह बाबतपुर एयरपोर्ट से लखनऊ के लिए रवाना होंगे।
इससे पहले मुख्यमंत्री आजमगढ़ जिले के बरदह क्षेत्र स्थित जिबली गांव पहुंचे। यहां उन्होंने गोरखपुर के भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय की दिवंगत मां जमुरता देवी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री करीब 24 मिनट तक विनोद राय के आवास पर रहे। इसके बाद वह वाराणसी के लिए रवाना हो गए।
मुख्यमंत्री के वाराणसी दौरे को देखते हुए उनके निर्धारित मार्गों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी