मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वाराणसी पहुंचे,एयरपोर्ट पर गर्मजोशी से स्वागत
—बीएलडब्ल्यू में सम्राट विक्रमादित्य की जीवनी पर आधारित महानाट्य का सीएम योगी के साथ शुभारंभ करेंगे
वाराणसी,03 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार अपरान्ह में वाराणसी पहुंचे। बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर भाजपा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का गर्मजोशी से स्वागत किया। स्वागत करने वालों में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान,विधायक त्रिभुवन राम,भाजपा के प्रोटोकॉल प्रभारी शैलेश पाण्डेय आदि शामिल रहे। एयरपोर्ट से डॉ. यादव कड़ी सुरक्षा के बीच शहर के लिए रवाना हो गए। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ बीएलडब्ल्यू में सम्राट विक्रमादित्य की जीवनी पर आधारित महानाट्य का शुभारंभ करेंगे। 3 से 5 अप्रैल तक मंचन वाले इस महानाट्य का उद्देश्य देश के गौरवशाली इतिहास, विक्रम संवत की वैज्ञानिकता और उस युग के अनुपम योगदान से जनमानस को परिचित कराना है। मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश सरकार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस तीन दिवसीय कार्यक्रम में महानाट्य 'सम्राट विक्रमादित्य' का ऐतिहासिक मंचन किया जाएगा। आयोजन स्थल पर विभिन्न ज्ञानवर्धक प्रदर्शनियां भी लगाई जा रही हैं। सम्राट विक्रमादित्य आधारित महानाट्य की प्रस्तुति लगभग 1.45 घंटे की होगी। तीन मंच पर 175 से अधिक कलाकार और सहयोगी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी