मुख्यमंत्री योगी ने बाबा विश्वनाथ के दरबार में लगाई हाजिरी, ज्योर्तिलिंग की विधिवत आराधना की
वाराणसी, 07 जुलाई (हि.स.)। गोरक्षपीठाधीश्वर व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय वाराणसी दौरे के दौरान मंगलवार शाम श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे और बाबा विश्वनाथ के दरबार में हाजिरी लगाई। उन्होंने मंदिर के गर्भगृह में बाबा के पावन ज्योर्तिलिंग की विधिवत षोडशोपचार विधि से पूजन अर्चन के बाद जलाभिषेक किया। दर्शन पूजन के बाद मुख्यमंत्री ने श्री
काशी विश्वनाथ से प्रदेशवासियों के सुख, शांति एवं समृद्धि हेतु प्रार्थना की। इस दौरान मंदिर परिसर में मौजूद शिवभक्त हर—हर महादेव का उदघोष कर मुख्यमंत्री के प्रति सम्मान भी दिखाते रहे।
मंदिर के गेट नंबर चार से गर्भगृह में प्रवेश के दौरान मुख्यमंत्री लोगों का अभिवादन भी करते रहे। इसके पहले उन्होंने काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव के दरबार में भी दर्शन पूजन किया। मुख्यमंत्री ने यहां बाबा के विग्रह की आरती व विधिविधान से पूजा की। मुख्यमंत्री ने यहां से निकलते समय श्रद्धालुओं का अभिवादन करने के साथ बच्चों से बातचीत भी की। मंदिर में दर्शन पूजन के बाद मुख्यमंत्री राज्यमंत्री डॉ दयाशंकर मिश्र 'दयालु' के बेटे की शादी में शामिल होने के लिए रवाना हो गए। दर्शन पूजन के दौरान श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, खादी ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान, स्टाम्प एवं पंजीयन मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल, एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी, महापौर अशोक तिवारी, सदस्य विधान परिषद धर्मेंद्र सिंह, विधायक डॉ अवधेश सिंह, सौरभ श्रीवास्तव, त्रिभुवन राम, मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार भी मौजूद रहे।—विद्युत सब स्टेशन का स्थलीय निरीक्षण किया
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दो दिवसीय दौरे में मंगलवार शाम विकास कार्यों के प्रगति एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा के पश्चात् चौकाघाट स्थित विद्युत सब स्टेशन का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान विद्युत सब स्टेशन पर चल रहे कार्य के प्रगति के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री ने सभी कार्य समय से पूरा कराए जाने हेतु निर्देशित किया।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी