वाराणसी में मुख्यमंत्री ने सीएम ग्रिड्स योजना में सिगरा फल मंडी रोड के कायाकल्प को परखा
—विकास कार्यों का किया स्थलीय निरीक्षण,महापौर व नगर आयुक्त ने मानचित्र के माध्यम से कार्यों की प्रगति बताई
वाराणसी, 01 मार्च (हि.स.)। दो दिवसीय वाराणसी दौरे पर आए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को सिगरा स्थित फल मंडी रोड का औचक निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ग्रीन रोड्स इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम (सीएम ग्रिड्स योजना) के तहत चल रहे सड़क सुदृढ़ीकरण और सौंदर्यीकरण कार्यों की जमीनी हकीकत को उन्होंने परखा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कार्य की गुणवत्ता और समय सीमा को लेकर अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान वाराणसी महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल भी मुख्यमंत्री के साथ मौजूद रहे। नगर आयुक्त ने मुख्यमंत्री को विस्तार से बताया कि किस तरह इस सड़क को 'स्मार्ट और ग्रीन' मानक के अनुरूप विकसित किया जा रहा है, जिससे न केवल यातायात सुगम होगा बल्कि पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने मुख्यमंत्री को जानकारी दी कि सीएम ग्रिड्स योजना के अंतर्गत चयनित सड़कों पर ड्रेनेज, फुटपाथ और आधुनिक स्ट्रीट लाइटों का कार्य प्राथमिकता पर किया जा रहा है। फल मंडी रोड को एक मॉडल रोड के रूप में विकसित किया जा रहा है ताकि भविष्य में अन्य क्षेत्रों के लिए यह उदाहरण बन सके। मुख्यमंत्री ने कार्य स्थल पर मौजूद नक्शों और प्रजेंटेशन का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में उच्च स्तरीय सामग्री का ही प्रयोग हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों के दौरान स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों को कम से कम असुविधा होनी चाहिए और तय समय सीमा के भीतर प्रोजेक्ट को पूरा किया जाए।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी