वाराणसी: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्री काशी विश्वनाथ धाम में लगाई हाजिरी
—‘काशी कोतवाल’ काल भैरव के चरणों में झुकाया शीश,बच्चों से भी किया संवाद, दी चॉकलेट
वाराणसी, 01 मार्च (हि.स.)। गोरक्षपीठाधीश्वर व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार देर शाम श्री काशी विश्वनाथ मंदिर व काशी के कोतवाल बाबा काल भैरव के दरबार में हाजिरी लगाई। जापान व सिंगापुर से लौटने के बाद दो दिवसीय दौरे पर काशी आए मुख्यमंत्री ने दोनों मंदिरों में विधिवत दर्शन पूजन वैदिक मंत्रोंच्चार के बीच किया। मुख्यमंत्री ने काशी विश्वनाथ मंदिर के गर्भगृह में लोक मंगल और जनकल्याण की कामना के साथ बाबा विश्वनाथ का षोडशोपचार पूजन-अभिषेक किया। सीएम ने यहां बाबा की आरती व विधिविधान से पूजा भी की। मुख्यमंत्री ने यहां से निकलते समय श्रद्धालुओं का अभिवादन भी किया। मुख्यमंत्री के दर्शन के दौरान मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं ने “हर-हर महादेव” के जयकारे लगाए।
श्री कालभैरव मंदिर में दर्शन के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर व आसपास की दुकानों पर बैठे बच्चों से भी संवाद किया और उन्हें चॉकलेट दी। मुख्यमंत्री ने बच्चों को उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद भी दिया। मुख्यमंत्री ने मंदिर के पास लोगों को होली की बधाई दी।
——हैप्पी होली बाबा जी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जब कालभैरव मंदिर से निकले तो बाहर दुकानों पर कुछ बच्चे बैठे दिखे। मुख्यमंत्री को देखकर बच्चों ने कहा हैप्पी होली बाबा जी। इस पर मुख्यमंत्री मुस्कुराए और बच्चों के पास पहुंच गए। मुख्यमंत्री ने बच्चों से हालचाल जाना, फिर पढ़ाई के बारे में भी पूछा। बच्चों ने भी मुख्यमंत्री के प्रश्नों का जवाब दिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बच्चों को होली की शुभकामना दी, फिर चॉकलेट भी प्रदान किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने एक लस्सी विक्रेता से कहा कि दही ढ़ककर रखा करो।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी