मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने काशी कोतवाल और बाबा विश्वनाथ के दरबार में लगाई हाजिरी
——बाबा के पावन ज्योर्तिलिंग का जलाभिषेक कर षोडशोपचार विधि से किया पूजन
वाराणसी, 14 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को वाराणसी दौरे के दौरान काशी के कोतवाल बाबा काल भैरव और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन किया। दो दिवसीय दौरे में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले काशी के कोतवाल बाबा काल भैरव के दरबार पहुंचे। यहां उन्होंने विधि-विधान से दर्शन-पूजन कर आरती की। इसके बाद श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे और गर्भगृह में जाकर जलाभिषेक किया और षोडशोपचार पूजन कर लोक कल्य़ाण की कामना की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हर बार की तरह इस बार भी काल भैरव मंदिर परिसर के बाहर मौजूद बच्चों को स्नेह के साथ चॉकलेट दी और उनके पढ़ाई-लिखाई के बाबत बातचीत की। बच्चे भी मुख्यमंत्री से पूरी सहजता एवं उत्साह के साथ वार्ता कर रहे थे। दर्शन पूजन के दौरान मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, स्टाम्प मंत्री रविन्द्र जायसवाल, एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, विधायक सुनील पटेल भी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी