अधिक से अधिक किसानों की केवाईसी की प्रक्रिया को पूरा कराएं : सत्येंद्र कुमार
— जिलाधिकारी ने की सी.एम. डैशबोर्ड की समीक्षा, विकास प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों के प्रगति पर जोर
वाराणसी, 16 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने सोमवार को कचहरी स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में विकास प्राथमिकता से जुड़े 37 बिंदुओं तथा सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा कि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। समीक्षा के दौरान फैमिली आईडी, पीएम पोषण योजना के अंतर्गत विद्यालय निरीक्षण, दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना, आयुष्मान कार्ड, पशुधन विभाग की योजनाएं, टीकाकरण, ऑपरेशन कायाकल्प, प्रधानमंत्री आवास (शहरी), एनआरएलएम, मनरेगा, मुख्यमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, आंगनबाड़ी पोषण अभियान तथा कौशल विकास मिशन सहित अन्य योजनाओं की प्रगति का आकलन किया गया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभागीय योजनाओं की नियमित समीक्षा करते हुए सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण कराए जाएं, ताकि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समय से मिल सके। जिलाधिकारी ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन प्राथमिकता के आधार पर किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने नई सड़कों के निर्माण और सड़कों के अनुरक्षण कार्यों में आवंटित लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति लाने के निर्देश दिए। साथ ही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक किसानों की केवाईसी प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश दिया कि लंबित छात्रवृत्ति से संबंधित डाटा को शीघ्र अग्रसारित किया जाए, ताकि छात्रों को समय पर लाभ मिल सके। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वर्तमान वित्तीय सत्र समाप्ति की ओर है, ऐसे में सभी विभाग अपने-अपने बजट की समीक्षा कर नियमों के अनुरूप उपलब्ध धनराशि का समय से व्यय सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि बजट व्यय में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह सहित जनपद के सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी